
शाहपुर/ भोजपुर (राकेश मंगल सिन्हा)27 जुलाई।बाढ़ से प्रभावित जवैनिया गांव में हालात का जायजा लेने पहुंचे अजय सिंह ने रविवार को वहां के पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। गांव के टूटे हुए रास्ते, जलमग्न घर और बदहाल स्थिति को देखकर उन्होंने तुरंत राहत कार्य शुरू करवाया और लोगों को जरूरी सहायता प्रदान की।
गांव में ठहरने की व्यवस्था से लेकर खाने-पीने की समस्या तक हर तरफ अफरातफरी का माहौल था। ऐसे में अजय सिंह ने लोगों को न केवल आश्वासन दिया, बल्कि उनके बीच जाकर राहत सामग्री भी वितरित की। उन्होंने चटाई, चार्जिंग लाइट, 10×10 के त्रिपाल, सत्तू, काला नमक, आटा, सरसों तेल, चावल, दाल, मोमबत्ती और माचिस जैसी जरूरी चीजें स्वयं लोगों तक पहुंचाईं।
इस अभियान में टीम अजय सिंह ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। टीम के सदस्यों ने घर-घर जाकर जरूरतमंदों को सामग्री सौंपी, अस्थायी शिविरों में मदद पहुंचाई और यह सुनिश्चित किया कि कोई भी पीड़ित परिवार राहत से वंचित न रह जाए।
गांव के बुजुर्गों और महिलाओं ने इस मदद के लिए अजय सिंह और उनकी टीम का दिल से धन्यवाद किया। वहीं अजय सिंह ने कहा, “जब तक स्थिति सामान्य नहीं हो जाती, हम आपके साथ हैं। यह सिर्फ एक औपचारिक दौरा नहीं, बल्कि मेरी जिम्मेदारी है कि मैं हर पीड़ित के पास खुद चलकर जाऊं और मदद करूं।”
इस दौरे ने साबित कर दिया कि अजय सिंह सिर्फ एक जनप्रतिनिधि नहीं, बल्कि हर संकट की घड़ी में जनता का सच्चा साथी हैं।
