RK TV News
खबरें
Breaking Newsरक्षा

भारतीय सैन्य टुकड़ी बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास खान क्वेस्ट के लिए मंगोलिया पहुंची।

RKTV NEWS/ नई दिल्ली 11 जून।भारतीय सैन्य टुकड़ी बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास खान क्वेस्ट के लिए आज मंगोलिया के उलानबटार, पहुंची, जिसका आयोजन 14 से 28 जून 2025 तक किया जाना निर्धारित है। यह अभ्यास विश्व भर के सैन्य बलों को परस्पर सहयोग करने और अपनी शांति स्थापना क्षमताओं को बढ़ाने के लिए एकजुट करेगा। अभ्यास खान क्वेस्ट का पिछला संस्करण मंगोलिया में 27 जुलाई से 9 अगस्त 2024 तक आयोजित किया गया था ।
यह अभ्यास पहली बार वर्ष 2003 में संयुक्त राज्य अमेरिका और मंगोलियाई सशस्त्र बलों के बीच एक द्विपक्षीय कार्यक्रम के रूप में आरंभ हुआ था। इसके बाद, वर्ष 2006 से यह अभ्यास बहुराष्ट्रीय शांति स्थापना अभ्यास में परिवर्तित हो गया और वर्तमान वर्ष इसका 22 वां संस्करण है।
भारतीय सेना के 40 कर्मियों वाले दल में मुख्य रूप से कुमाऊं रेजिमेंट की एक बटालियन के सैनिक तथा अन्य सेनाओं के कर्मी शामिल हैं। दल में एक महिला अधिकारी तथा दो महिला सैनिक भी शामिल होंगी।
अभ्यास खान क्वेस्ट का उद्देश्य बहुराष्ट्रीय वातावरण में प्रचालन करते हुए भारतीय सशस्त्र बलों को शांति अभियानों के लिए तैयार करना है, जिससे संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अध्याय VII के अंतर्गत शांति समर्थन अभियानों में अंतर-संचालन और सैन्य तत्परता में वृद्धि हो। अभ्यास में उच्च स्तर की शारीरिक फिटनेस, संयुक्त योजना और संयुक्त सामरिक अभ्यास पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
अभ्यास के दौरान किए जाने वाले सामरिक अभ्यासों में अपरिवर्ती और गतिशील चेक प्वाइंटों की स्थापना, घेराबंदी और तलाशी अभियान, गश्त, शत्रु क्षेत्रों से नागरिकों की निकासी, काउंटर इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस ड्रिल, युद्ध संबंधित प्राथमिक उपचार और हताहतों की निकासी आदि शामिल होंगे।
खान क्वेस्ट अभ्यास भागीदार देशों को संयुक्त अभियानों के प्रचालन के लिए रणनीति, तकनीक और प्रक्रियाओं में अपनी सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों को साझा करने में सक्षम बनाएगा। यह अभ्यास भाग लेने वाले देशों के सैनिकों के बीच अंतर-संचालन, सौहार्द और भ्रातृत्व विकसित करने में मदद करेगा।

Related posts

भोजपुर:स्वीप कोषांग के तत्वावधान में मतदाता संवाद दिवस 2025 का आयोजन।

rktvnews

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कारगिल के शहीदों को दी श्रद्धांजलि।

rktvnews

बागपत:डीएम अस्मिता लाल की अध्यक्षता में छोटी एवं सहायक नदियों के पुनरोद्धार की हुई समीक्षा।

rktvnews

जिले में ऑनलाइन भरे जायेंगे ई-संकल्प पत्र, हनुमानगढ़ बना प्रदेश में नवाचार वाला पहला जिला!जिला कलेक्टर रूक्मणि रियार ने ई-संकल्प सम्मान पत्र पोर्टल का किया विमोचन।

rktvnews

वैशाली:सभी प्रखण्डों में जमीनी स्तर तक हो ” प्रशासन गाँव की ओर” कार्यक्रम का आयोजन :जिलाधिकारी

rktvnews

दो दिवसीय हेरिटेज समर कैम्प का समापन! कालीबंगा संग्रहालय में बच्चो ने सीखी पॉटरी मेकिंग और क्ले मॉडलिंग।

rktvnews

Leave a Comment