
RKTV NEWS/बागपत(उत्तर प्रदेश)05जून।प्रशासनिक अनुशासन और प्रभावी जनसेवा सुनिश्चित करने हेतु जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने बुधवार को जिले के कई विभागीय कार्यालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को कार्यालयीन कार्यों में सजीवता बनाए रखने, समयबद्ध कार्यवाही करने तथा जनता को बेहतर सेवाएं प्रदान करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सबसे पहले जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, खंड कार्यालय, उत्तर प्रदेश जल निगम ग्रामीण बागपत का दौरा कर जलापूर्ति योजनाओं की प्रगति का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि ग्रामीण इलाकों में पेयजल आपूर्ति में किसी भी प्रकार की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को फील्ड विजिट नियमित रूप से करने और कार्यों की गुणवत्ता पर खास ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने कार्यालय सहायक श्रमायुक्त, श्रम विभाग बागपत का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने श्रमिकों को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न कल्याण योजनाओं के प्रचार-प्रसार तथा लाभार्थियों तक पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में अधिकारीगण को निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने कहा कि श्रमिकों के हितों की रक्षा को प्राथमिकता दी जाए और उनकी समस्याओं का शीघ्र निवारण हो। कार्यालय की उपस्थिति पंजिका एवं भ्रमण पंजिका में विवरण अद्यतन नहीं मिलने पर नाराजगी जताई।
जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने कार्यालय जिला ग्रामोद्योग अधिकारी, उत्तर प्रदेश खादी ग्रामोद्योग बोर्ड बागपत का भी निरीक्षण किया। उन्होंने दस्तावेजों की व्यवस्थित देखरेख और योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने हेतु जागरूकता अभियान तेज करने के निर्देश भी दिए गए।
अंत में जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, नलकूप खंड (पश्चिम), बागपत का निरीक्षण कर सिंचाई योजनाओं की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसानों को सिंचाई सुविधाएं समय पर और प्रभावी रूप से प्रदान की जाएं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सभी विभागों को सामान्य निर्देश भी दिए, जिनमें कार्यालय उपस्थिति पंजिका की नियमित जांच, दस्तावेजों का सुव्यवस्थित रख-रखाव, कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए सक्रिय जनसंपर्क अभियान, फील्ड विजिट का नियमित होना, और जनता की समस्याओं के त्वरित निपटारे को सुनिश्चित करना शामिल है।
जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने कहा, “हमारा उद्देश्य जनता को बेहतर, पारदर्शी और समयबद्ध सेवा प्रदान करना है। सभी विभागीय अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों को पूरी लगन से निभाएं।” निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
