RK TV News
खबरें
Breaking Newsराष्ट्रीय

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्यों के कृषि मंत्रियों से बातचीत की।

RKTV NEWS/ नई दिल्ली 19 मई।केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याणऔर ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज नई दिल्ली के कृषि भवन से वर्चुअल माध्यम से राज्यों के कृषि मंत्रियों से बातचीत की और आगामी ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ को सफल बनाने का आह्वान किया। श्री चौहान ने राज्यों के कृषि मंत्रियों को 29 मई से 12 जून तक चलने वाले इस देशव्यापी अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने और अधिक से अधिक किसानों तक लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से काम करने की बात कही।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कृषि उत्पादन बढ़ाने के लिए ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ एक बहुत बड़ा प्रयास है। यह देश अपना है, माटी अपनी है, किसान अपने हैं, हमारा उद्देश्य किसानों की खेती को फायदे में बदलना, खाद्यान्न उत्पादन बढ़ाना, देश की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करना, अनाज, दालें, फल, सब्जियों उनके भंडार भरना और पोषणयुक्त आहार देश की जनता को उपलब्ध कराना है। श्री चौहान ने कहा कि कृषि भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। लगभग आधी आबादी की आजीविका कृषि पर आधारित है और हमें इनकी आजीविका को सुनिश्चित करने का प्रयास लगातार जारी रखना होगा। धरती को आने वाली पीढ़ियों के लिए अच्छी उपयोगी स्थिति में बचाकर रखना भी आवश्यक है। मुझे खुशी है कि इस दिशा में केंद्र और राज्य सरकारें बेहतर काम कर रही हैं।
श्री चौहान ने प्रसन्नता जताते हुए कहा कि इस साल रिकॉर्ड स्तर पर उत्पादन हुआ है। चाहे चावल हो, धान हो, मक्का हो यहां तक कि दाल-दलहन, तिलहन में भी हमने उत्पादन बढ़ाकर नया रिकॉर्ड स्थापित किया है। जिसके लिए मैं सभी राज्यों और कृषि मंत्रियों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं। इस लक्ष्य की पूर्ति साझा प्रयत्नों से हुई है। श्री चौहान ने कहा कि अभी रूकना नहीं है बल्कि इस उपलब्धि से और आगे बढ़ना है। केंद्र और राज्य सरकारों के कृषि मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले सभी संस्थान, विभाग, विश्वविद्यालय व अन्य संसाधनों के आपसी तालमेल से काम करने से सफलता की नई ऊंचाइयां अर्जित की जा सकती है। साझा समन्वय के साथ एक दिशा में काम करने से खेती में चमत्कार हो सकता है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘लैब टू लैंड’ विजन को साकार करने के उद्देश्य से ही ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ की रूपरेखा तय की गई है। इसलिए विकसित भारत के लिए ही विकसित कृषि संकल्प अभियान बनाया गया है। यह अभियान किसानों की सेवा के लिए है। हमारे देश की खाद्यान्न सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए है। मैंने हमेशा कहा कि किसानों की सेवा ही मेरे लिए भगवान की पूजा है। किसानों की हितों की पूर्ति की बड़ी जिम्मेदारी राज्यों के ऊपर है इसलिए मेरी अपील है कि मिलकर इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।
केंद्रीय कृषि मंत्री श्री चौहान ने कहा कि ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ कृषि मंत्रालय और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद् के सम्मिलित प्रयास से होगा। इस अभियान के अंतर्गत वैज्ञानिकों की टीम देशव्यापी स्तर पर गांव-गांव जाकर किसानों को प्रशिक्षित करने का काम करेंगी। इसके लिए 2,170 वैज्ञानिकों की टीमों का गठन किया गया है। इस अभियान में दो तरफा संवाद होगा, एक ओर वैज्ञानिक किसानों को शोध और तकनीक की जानकारी देंगे, वहीं दूसरी ओर किसानों से खेती में आ रही समस्याओं की जानकारी भी लेंगे व समाधान के रास्ते भी बताएंगे। आगे की शोध की दिशा भी तय करेंगे।
श्री चौहान ने सभी राज्यों से ‘एक राष्ट्र, एक कृषि, एक टीम’ की धारणा से आगे बढ़ते हुए इसी खरीफ की बुआई से पहले उत्पादन बढ़ाने की दिशा में इस अभिनव अभियान को समर्पित मन से सफल बनाने की अपील की। बैठक में कृषि मंत्रालय के सचिव देवेश चतुर्वेदी, आईसीएआर के महानिदेशक डॉ. एम.एल. जाट सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related posts

जन जागरण अभियान के रूप में आगे बढ रहा जन सम्मान वीडियो कॉन्टेस्ट परिणाम के दिन ही डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित हो रही पुरस्कार राशि बाड़मेर के मूलाराम, जयपुर की अंकिता कुमारी और अलवर के अविनाश ने मारी बाजी।

rktvnews

भोजपुर:17 से 20 फरवरी तक कृषि कार्य हेतु बोरिंग के कनेक्शन के लिए प्रत्येक प्रखंड में लगेगा शिविर।

rktvnews

बिहार: पटना: बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज,मुंबई के बीच समझौता ज्ञापन पर किए गए हस्ताक्षर।

rktvnews

पूर्वी सिंहभूम:नगर पालिका निर्वाचन की तैयारियों का उपायुक्त ने किया निरीक्षण।

rktvnews

भोजपुर:बचरी पीरो कालेज में स्नातक पास युवाओं का कैंपस प्लेसमेंट का हुआ आयोजन।

rktvnews

उत्तराखंड: मुख्यमंत्री ने सीएम हेल्पलाइन-1905 और इंट्रीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का किया औचक निरीक्षण,खुद सुनी समस्याएं।

rktvnews

Leave a Comment