RKTV NEWS/दरभंगा(बिहार)28 मार्च। गुरुवार को उप श्रमायुक्त, दरभंगा, श्रम अधीक्षक (अधिनियम) एवं श्रम अधीक्षक (योजना-सह-बोर्ड) द्वारा संयुक्त रूप से बाल श्रम उन्मूलन और प्रचार-प्रसार के लिए प्रचार रथ को संयुक्त श्रम भवन, रामनगर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
श्रम अधीक्षक (अधिनियम) किशोर कुमार झा द्वारा बताया गया कि इस प्रचार रथ का उद्देश्य दरभंगा शहर सहित संपूर्ण जिला मे बाल श्रम की कुरीतियो के प्रति समाज मे जागृति लाना है।
उन्होंने कहा कि दरभंगा जिले में बाल श्रम को समूल समाप्त करने के उद्देश्य से लगातार छापामारी करायी जा रही है एवं दोषी नियोजको के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।
इसके अतिरिक्त प्रति बाल श्रमिक 20 हजार रुपये की दर से बाल श्रमिक पुनर्वास कोष मे जमा करवाया जा रहा है। इसमें आना कानी करने वाले नियोजको के विरूद्ध बिहार एवं उड़ीसा डिमांड रिकवरी एक्ट के अंतर्गत नीलाम पत्र वाद दर्ज की जाती है।
उन्होंने बताया कि धारा 3/ए का उल्लंघन के विरूद्ध प्रति नियोजक 20 हजार से 50 हजार रुपये दंड की वसूली हेतु केस भी किया जा रहा है।
उन्होने वैसे लोगों को सख्त चेतावनी भी दी जो लगातार कार्रवाई के बावजूद भी बाल श्रमिको से काम लेने मे बाज नहीं आ रहे है।
