
RKTV NEWS/पटना ( बिहार)14 फरवरी।पूर्व नौसैनिक संघ ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए केंद्रीय विद्यालय, दानापुर कैंट में की गई प्राचार्य की नियुक्ति पर गहरी चिंता एवं कड़ा विरोध दर्ज किया है।
संघ ने कहा है की रक्षा कर्मियों एवं पूर्व सैनिकों के बच्चों की शिक्षा से जुड़े इस संवेदनशील एवं प्रतिष्ठित संस्थान में नियुक्तियाँ उच्च नैतिक मानकों, पारदर्शिता एवं प्रशासनिक जवाबदेही के आधार पर होनी चाहिए।
संघ के संज्ञान में आया है कि संबंधित अधिकारी के पूर्व कार्यकाल से जुड़े गंभीर आरोपों एवं विवादों के बावजूद यह नियुक्ति की गई है। वर्ष 2018 में, केंद्रीय विद्यालय, मुजफ्फरपुर में उनके कार्यकाल के दौरान विद्यालय परिसर की कैंटीन से छापेमारी में भारी मात्रा में शराब बरामद होने का मामला सामने आया था, जिसमें प्राथमिकी दर्ज हुई थी तथा न्यायालय से जमानत ली गई थी। ऐसे प्रकरण से जुड़े व्यक्ति की दानापुर जैसे संवेदनशील कैंट क्षेत्र के विद्यालय में नियुक्ति छात्रों के हित में नहीं मानी जा सकती।
इसके अतिरिक्त, पूर्व नौसैनिक संघ यह भी स्पष्ट रूप से कहना चाहता है कि वर्तमान समय में विद्यालय का प्रशासन संतुलित एवं व्यवस्थित स्थिति में नहीं है। विद्यालय में शैक्षणिक मानकों का समुचित पालन नहीं हो रहा है, जिससे विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। विद्यालय का संचालन अव्यवस्थित एवं असंगठित ढंग से हो रहा है, जो छात्रों के भविष्य को जोखिम में डाल रहा है।
संघ को यह भी ज्ञात हुआ है कि केंद्रीय विद्यालय संगठन, क्षेत्रीय कार्यालय, पटना इस पूरे प्रकरण में सक्रिय एवं प्रभावी भूमिका नहीं निभा रहा है। क्षेत्रीय कार्यालय की कार्यप्रणाली में गंभीर शिथिलता दिखाई दे रही है। कुछ वरिष्ठ अधिकारी ऐसी घटनाओं पर अपेक्षित ध्यान नहीं दे रहे हैं।
क्षेत्रीय कार्यालय के प्रशासनिक अधिकारी, जिनकी जिम्मेदारी प्रशासनिक आदेश, व्यवस्थाओं एवं विद्यालयों में अनुशासन सुनिश्चित करना है, वे भी इन गंभीर मामलों पर आवश्यक संज्ञान नहीं ले रहे हैं। इस प्रकार की निष्क्रियता से क्षेत्रीय कार्यालय की व्यवस्था में पूर्ण अव्यवस्था (अराजकता) की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
पूर्व नौसैनिक संघ की मांगें
केंद्रीय विद्यालय, दानापुर कैंट से वर्तमान प्राचार्य का तत्काल स्थानांतरण किया जाए।
विद्यालय की प्रशासनिक एवं शैक्षणिक स्थिति की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए।
पूर्व में दर्ज मामलों की स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच सुनिश्चित की जाए।
क्षेत्रीय कार्यालय, पटना की कार्यप्रणाली की समीक्षा की जाए तथा संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।
विद्यालय में शैक्षणिक मानकों, अनुशासन एवं प्रशासनिक संतुलन को तत्काल प्रभाव से पुनर्स्थापित किया जाए।
पूर्व नौसैनिक संघ अभिभावकों, स्थानीय नागरिकों एवं सभी हितधारकों के साथ खड़ा है। हमारा उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष पर व्यक्तिगत टिप्पणी करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के भविष्य की रक्षा, संस्थान की गरिमा बनाए रखने तथा प्रशासनिक पारदर्शिता सुनिश्चित करना है।
संघन ने संबंधित उच्च अधिकारियों से आग्रह किया है कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य एवं केंद्रीय विद्यालय की साख को ध्यान में रखते हुए अविलंब कठोर एवं उचित कार्रवाई करें।
