
पटना /बिहार (मनोज कुमार प्रसाद)11 अक्टूबर।विश्वस्तरीय कायस्थ संगठन ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस (जीकेसी) की कला-संस्कृति इकाई की ओर से सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के जन्मदिन के अवसर पर 11 अक्टूबर 2026 को विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर देश-विदेश के कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे और अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से अमिताभ बच्चन के प्रति सम्मान एवं स्नेह व्यक्त करेंगे।
कार्यक्रम में डॉ. रंजन कुमार,शालिनी बैरागी, मृणालिनी अखौरी, जुबिन सिन्हा, नवीन कुमार, कुमार संभव, आशीष कुमार, अभिषेक माथुर, यश माथुर और तानिश श्रीवास्तव अपनी प्रस्तुतियां देंगे। विभिन्न कलाकारों की भागीदारी से कार्यक्रम को संगीत और सांस्कृतिक विविधता से समृद्ध बनाने की तैयारी है।
जीकेसी के ग्लोबल अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि अमिताभ बच्चन भारतीय सिनेमा की ऐसी शख्सियत हैं, जिन्होंने अपने अभिनय, मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा से कई पीढ़ियों को प्रभावित किया है। उनका व्यक्तित्व और सिनेमा में उनका योगदान देश की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उनके जन्मदिन पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने का उद्देश्य महानायक के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ-साथ कला और संस्कृति के माध्यम से लोगों को जोड़ना है। उन्होंने विश्वास जताया कि कलाकारों की प्रस्तुतियां कार्यक्रम को यादगार बनाएंगी।
जीकेसी की मैनेजिंग ट्रस्टी रागिनी रंजन ने कहा कि कला और संस्कृति समाज को जोड़ने तथा अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से भावनाओं को साझा करने का सशक्त माध्यम हैं। अमिताभ बच्चन ने अपने लंबे फिल्मी सफर में अभिनय की ऐसी छाप छोड़ी है, जो दर्शकों के दिलों में आज भी कायम है। उनके जन्मदिन पर आयोजित यह कार्यक्रम कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देने के साथ-साथ सिनेमा और सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान प्रकट करने का एक विशेष प्रयास है। उन्होंने उम्मीद जताई कि देश-विदेश के कलाकारों की भागीदारी से कार्यक्रम उत्साहपूर्ण और यादगार बनेगा।
राजीव रंजन प्रसाद के निर्देशन और रागिनी रंजन के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन जीकेसी के कला-संस्कृति प्रकोष्ठ के ग्लोबल महासचिव पवन सक्सेना और कला संस्कृति प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय महासचिव शिवानी गौड़ करेंगी।
जीकेसी के ग्लोबल कार्यकारी अध्यक्ष, कला-संस्कृति प्रकोष्ठ प्रेम कुमार ने कहा कि अमिताभ बच्चन भारतीय सिनेमा के महानायक और करोड़ों लोगों के प्रेरणास्रोत हैं। उनके जन्मदिन पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन उनके प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ कलाकारों को प्रोत्साहित करने की पहल है।
जीकेसी के कला-संस्कृति प्रकोष्ठ के ग्लोबल महासचिव पवन सक्सेना ने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से देश-विदेश के कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। जीकेसी कला और संस्कृति को बढ़ावा देने तथा कलाकारों को मंच प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उल्लेखनीय है कि जीकेसी की कला-संस्कृति इकाई भारतीय कला, संगीत और सांस्कृतिक परंपराओं को प्रोत्साहित करने तथा कलाकारों को मंच प्रदान करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित करती रही है। अमिताभ बच्चन के जन्मदिन पर आयोजित यह कार्यक्रम इसी दिशा में एक पहल है।
