
RKTV NEWS/आरा (भोजपुर)09 सितंबर।उदवंतनगर थाना के सामने कल हुई दर्दनाक सड़क दुर्घटना में युवा संतोष राम, पिता–बिहारी राम की ट्रक की चपेट में आने से हुई मौत से इलाके में शोक की लहर है।
सांसद सुदामा प्रसाद ने मृतक संतोष राम के शोक-संतप्त परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की।
उन्होंने परिजनों को इस दुख की घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
सांसद ने कहा कि संतोष राम की असामयिक मौत अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि दोषियों की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की जानी चाहिए।
स्थानीय लोगों द्वारा उठाए गए सवालों के मद्देनजर सांसद ने कहा कि यदि पुलिस की लापरवाही या गलत कार्रवाई के कारण यह दुर्घटना हुई है, तो इसकी जांच कर जिम्मेदार पदाधिकारी-कर्मियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए थाना एवं आसपास के क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त किया जाना आवश्यक है।
सांसद सुदामा प्रसाद ने कहा कि संतोष राम की मौत केवल एक परिवार की क्षति नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत साथी की स्मृति को नमन किया।
