जनता का स्नेह और विश्वास परिवार की सबसे बड़ी पूंजी:पूर्व सांसद मीना सिंह
आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)02 अगस्त। सहकारिता जगत के प्रख्यात नेता, देश के सहकारिता आंदोलन के प्रमुख हस्ताक्षर एवं बिक्रमगंज के पूर्व सांसद अजीत कुमार सिंह की 19वीं पुण्यतिथि पर शनिवार को आरा के स्थानीय मधुवन होटल में श्रद्धांजलि सह भजन संध्या का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भोजपुर, रोहतास सहित कई जिलों से जनप्रतिनिधि, सहकारिता क्षेत्र से जुड़े पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं हजारों की संख्या में समर्थक और शुभचिंतक शामिल हुए। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूर्व सांसद एवं स्वर्गीय अजीत कुमार सिंह की धर्मपत्नी मीना सिंह तथा बिस्कोमान एवं एनसीसीएफ के अध्यक्ष विशाल सिंह ने पूजा-अर्चना और तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। इसके बाद उपस्थित हजारों लोगों ने माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
उपस्थित वक्ताओं ने स्वर्गीय अजीत कुमार सिंह के सहकारिता आंदोलन, ग्रामीण विकास और जनसेवा में दिए गए योगदान को याद किया।उन्होंने सहकारिता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के साथ-साथ क्षेत्र के विकास के लिए अनेक उल्लेखनीय कार्य किए। उनके निधन के बाद उनकी धर्मपत्नी मीना सिंह ने जनसेवा की परंपरा को आगे बढ़ाया, जबकि उनके पुत्र विशाल सिंह राष्ट्रीय स्तर पर सहकारिता क्षेत्र में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर रहे हैं। पूर्व सांसद मीना सिंह ने कहा कि जनता का स्नेह और विश्वास उनके परिवार की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि वह और उनके पुत्र विशाल सिंह स्वर्गीय अजीत कुमार सिंह के आदर्शों और सेवा के मार्ग पर चलते हुए समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं।बिस्कोमान एवं एनसीसीएफ के अध्यक्ष विशाल सिंह ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आरा उनके परिवार का घर है और यहां की जनता का विश्वास हमेशा उनके साथ रहा है। उन्होंने कहा कि जनसेवा की यह परंपरा आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
कार्यक्रम में अगिआंव विधायक महेश पासवान, विधान पार्षद सोनू राय, पूर्व विधायक सुनील पांडेय, आरा की मेयर इंदु देवी, पूर्व विधायक मुन्ना तिवारी, विजयेंद्र यादव, प्रभुनाथ प्रसाद, पूर्व विधान पार्षद हुलास पांडेय, भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गा राज, जदयू कार्यकारी जिलाध्यक्ष भीम सिंह पटेल, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सहकारिता संस्थाओं के पदाधिकारियों, शिक्षाविदों, अधिवक्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित हजारों लोग उपस्थित रहे।

