
RKTV NEWS/पटना (बिहार)11 जून।आर्ट फिस्टा समर कैंप के समापन के अवसर पर वाह उस्ताद स्कूल ऑफ परफॉर्मिंग आर्ट के द्वारा प्रस्तुतियों का गुलदस्ता प्रस्तुत किया गया। इस सत्र का उद्घाटन श्री अरविंद महिला कॉलेज की सहायक प्रोफेसर डॉ. रजनी प्रभा एवं महंत महादेवानंद महिला महाविद्यालय की सहायक प्रोफेसर डॉ. स्नेहा शर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन किया। मुख्य अतिथि डॉ. रजनी प्रभा ने कहा कि संगीत आत्मिक आनंद का माध्यम है। संगीत के स्वर लय ताल से जुड़ने पर हमें मानसिक रूप से स्थिरता की अनुभूति होती है। वही विशिष्ट अतिथि डॉ. स्नेहा शर्मा ने कहा कि आज की पीढी में असीम प्रतिभाएं हैं। बच्चे नई नई गतिविधियों के माध्यम से कला एवं संगीत के क्षेत्र में सक्रियता दिखा रहें हैं। पढ़ाई के साथ साथ आज बच्चों को संगीत, नृत्य, पेंटिंग में से किसी एक हुनर से जोड़ना बहुत आवश्यक है।इस अवसर पर अमायरा, दिविशा, निशान ने स्वरों से खूब वाहवाही लूटी। वही आन्या ने कीबोर्ड पर वंदे मातरम की प्रस्तुति से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। वही नंदिका, अरना कश्यप, आदि श्री, आन्या श्रीवास्तव, गंगा दुबे, ममता सिंह,, सुभर्थी कोले ने नयनाभिराम नृत्य प्रस्तुत किया। स्वयं प्रकाश ने स्वतंत्र तबला वादन व कुमारी अनिशा ने कथक नृत्य से समां बाँधा।
श्रेया पांडे ने गजल व उनकी गुरु संगीत विदुषी बिमला देवी ने शास्त्रीय गायन से तालियां बटोरी। आयुष्मान सिंह व पार्थ सारथी ने ललित कला के शिक्षक श्री विकास कुमार के निर्देशन में पेटिंग प्रदर्शनी लगाया। मंच संचालन सुविख्यात उद्घोषक सह गायक गोविंद वल्लभ व धन्यवाद ज्ञापन संस्था की निदेशक निशा कुमारी ने किया।
