
आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)06 जून।5 बिहार बटालियन एनसीसी के लिए गौरव का क्षण आया है जब उसकी दो सीनियर विंग कैडेट्स, खुशी कुमारी और बबली कुमारी का बिहार पुलिस में चयन हुआ है। इस उपलब्धि पर बटालियन मुख्यालय में कमान अधिकारी कर्नल पुनीत श्रीवास्तव ने दोनों कैडेट्स को 1000 रुपये का नगद प्रोत्साहन पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कर्नल श्रीवास्तव ने कहा कि एनसीसी युवाओं में चरित्र, अनुशासन और निस्वार्थ सेवा की भावना पैदा करता है, और दोनों कैडेट्स ने इसे सार्थक किया है।
उन्होंने कैडेट्स को ड्यूटी में हमेशा ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ रहने का संदेश दिया। खुशी कुमारी 20 जून 2026 को अररिया और बबली कुमारी जल्द ही जहानाबाद में जॉइन करेंगी। दोनों चयनित कैडेट्स ने अपनी सफलता का श्रेय एनसीसी में मिली ट्रेनिंग और अनुशासन को दिया और कहा कि यहां सीखे गए मूल्य पुलिस सेवा में मदद करेंगे। समारोह में बटालियन के सैन्य अधिकारी, पीआई स्टाफ और सिविलियन स्टाफ मौजूद रहे।
