
RKTV NEWS/दुमका (झारखंड)25 दिसंबर। मंगलवार को +2 उत्क्रमित राजकीय बुनियादी उच्च विद्यालय गांदो में अभिभावक-शिक्षक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में उपायुक्त अभिजीत सिन्हा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विद्यालय की बालिकाओं द्वारा बाल विवाह प्रथा के विरुद्ध एक सशक्त नाटक का मंचन किया गया। उपायुक्त ने नाटक की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के सामाजिक विषयों पर जन-जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि समाज को जागरूक करने के उद्देश्य से इस नाटक का मंचन विभिन्न मंचों पर कराया जाएगा।
उपायुक्त ने कहा कि विद्यालयों का निरीक्षण करना एवं बच्चों से संवाद करना उन्हें विशेष रूप से पसंद है। उन्होंने कहा कि आज के कार्यक्रम में जब बच्चों के साथ उनके अभिभावक भी उपस्थित हैं, तो विद्यालय को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुझाव और जानकारी प्राप्त होगी।
विद्यालय में शिक्षकों की कमी को लेकर उपायुक्त ने कहा कि सहायक आचार्य की प्रतिनियुक्ति के बाद यह समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि भारत सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा विद्यालय के बच्चों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनकी राशि सीधे बच्चों के बैंक खाते में भेजी जाती है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि योजना की राशि का उपयोग उसी उद्देश्य के लिए करें, जिसके लिए वह दी गई है।बैठक के दौरान कई अभिभावकों ने योजना की राशि बैंक खाते में नहीं मिलने से संबंधित शिकायतें दर्ज कराईं, जिस पर उपायुक्त ने जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के अलावा भी कई ऐसे क्षेत्र हैं, जिनमें बेहतर भविष्य बनाया जा सकता है। इसके लिए समर्पण भाव और स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने की आवश्यकता है। उन्होंने 9वीं, 10वीं एवं 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए करियर काउंसलिंग आयोजित कराने का निर्देश दिया, ताकि बच्चे लक्ष्य निर्धारित कर बेहतर ढंग से पठन-पाठन कर सकें।
विद्यालय में पानी की समस्या को लेकर उपायुक्त ने संबंधित को टीप बोरिंग कराने का निर्देश दिया। वहीं, विद्यालय की सुरक्षा को देखते हुए कंटीले तार से बाउंड्री वॉल निर्माण कराने तथा अतिरिक्त क्लासरूम निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने का आश्वासन दिया।
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जो भी शिक्षक बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा नहीं दे रहे हैं, उन्हें चिन्हित कर कार्रवाई की जाए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपनी प्रतिभा के बल पर अपने क्षेत्र, परिवार, राज्य एवं देश का नाम रोशन करें। जिला प्रशासन हर संभव सहयोग के लिए सदैव तत्पर है।
उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि इस विद्यालय से भी राज्य के टॉपर निकलें, इस लक्ष्य के साथ लगन और मेहनत से पढ़ाई करें।इस अवसर पर बीईईओ, विद्यालय के प्राचार्य सहित शिक्षकगण एवं अभिभावक उपस्थित थे।
इस दौरान उपायुक्त ने स्वास्थ्य उपकेंद्र गांदो का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, उपलब्ध संसाधनों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
