RK TV News
खबरें
Breaking News

भोपाल:मानव संग्रहालय में स्वर्ण जयंती वर्ष के अंतर्गत ‘पूनम-42’ शास्त्रीय संगीत संध्या संपन्न।

पंडित राहुल शिवकुमार शर्मा के संतूर वादन ने बांधा समां, श्रोताओं ने लिया सुरों की दिव्य यात्रा का आनंद।

भोपाल/ मध्यप्रदेश ( मनोज कुमार प्रसाद)31 मई।इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय, भोपाल द्वारा स्वर्ण जयंती समारोह वर्ष 2026-27 के अंतर्गत ज्येष्ठ पूर्णिमा, शक संवत् 1948 के पावन अवसर पर आयोजित प्रतिष्ठित शास्त्रीय संगीत श्रृंखला ‘पूनम-42’ का आयोजन संग्रहालय परिसर स्थित झील किनारे बने आवृत्ति भवन के मुक्ताकाश मंच पर पूनम के चाँद की शीतल छाया में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। पूर्णिमा की चांदनी, प्राकृतिक परिवेश और भारतीय शास्त्रीय संगीत के अद्भुत संगम ने उपस्थित संगीत प्रेमियों को एक अविस्मरणीय सांस्कृतिक अनुभव प्रदान किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ संग्रहालय के निदेशक प्रो. अमिताभ पांडे एवं विशिष्ट अतिथियों पंडित राहुल शर्मा, पंडित राम कुमार मिश्रा , पद्मश्री उमाकांत गुंडेचा एवं संग्रहालय के जन संपर्क अधिकारी हेमंत बहादुर सिंह परिहार व सुश्री आयशा द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर कलाकारों का संग्रहालय के निदेशक डॉ अमिताभ पांडे ने पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत ‘पूर्वरंग’ शास्त्रीय संगीत की श्रृंखला में युवा कलाकारों की प्रस्तुतियाँ अत्यंत सराहनीय एवं प्रभावशाली रहीं। राग यमन से की गई शुरुआत ‘पूर्वरंग’ के युवा शास्त्रीय गायक श्री साई ऐश्वर्य महाशब्दे ने अपनी मधुर, भावपूर्ण एवं शास्त्रीय गरिमा से परिपूर्ण गायकी द्वारा श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। हारमोनियम पर श्री निलय साल्वी ने संवेदनशील एवं सधे हुए संगत के माध्यम से प्रस्तुति को उत्कृष्ट आयाम प्रदान किया, जबकि तबले पर श्री ओमकार तोडकर की प्रभावी लयकारी एवं ताल-संयोजन ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया। तानपुरे पर श्री परमेश्वर बंसल एवं श्री चिन्मय नेमा ने स्वर-साधना के अनुरूप उत्कृष्ट संगत प्रदान कर प्रस्तुति को पूर्णता प्रदान की। राग शाह से की गई ‘पुर्वरंग’ समापन जो पूर्णिमा के उपलक्ष्य में गायी गई जिसमें सभी कलाकारों के सामूहिक समन्वय, समर्पण एवं संगीत साधना का प्रभाव मंच पर स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। उनकी मनोहारी प्रस्तुति का उपस्थित दर्शकों एवं संगीत प्रेमियों ने भरपूर आनंद लिया तथा तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

तदपश्चात संध्या के मुख्य आकर्षण पूनम की संगीत की श्रृंखला में “पूनम-42” में अंतर्गत शास्त्रीय संगीत के रूप में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त संतूर वादक पंडित राहुल शिवकुमार शर्मा ने सर्वप्रथम राग कलावती से शुरुआत की, उसके बाद रूपक ताल तदपश्चात मध्य लय में तीन ताल की प्रस्तुति दी जिसमें अपनी सुरमयी संतूर प्रस्तुति से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने संतूर की मधुर झंकार के माध्यम से भारतीय शास्त्रीय संगीत की गहनता, संवेदनशीलता एवं आध्यात्मिक सौंदर्य को अभिव्यक्त किया। उनकी प्रस्तुति में परंपरा और नवाचार का सुंदर समन्वय देखने को मिला। तबले पर पंडित राम कुमार मिश्रा की सशक्त एवं प्रभावपूर्ण संगत ने प्रस्तुति को और अधिक ऊँचाइयाँ प्रदान कीं। कलाकारों की जुगलबंदी को उपस्थित दर्शकों ने भरपूर सराहा।

संग्रहालय के जन संपर्क अधिकारी हेमंत बहादुर सिंह परिहार ने बताया कि ‘पूनम-42’ श्रृंखला का शुभारंभ वर्ष 1992 में महान संतूर सम्राट पद्मविभूषण पंडित शिवकुमार शर्मा की प्रस्तुति से हुआ था। तीन दशकों से अधिक समय से यह श्रृंखला देश के प्रतिष्ठित शास्त्रीय कलाकारों की प्रस्तुतियों की साक्षी रही है तथा भोपाल के सांस्कृतिक जीवन में एक महत्वपूर्ण पहचान बना चुकी है। स्वर्ण जयंती समारोह वर्ष में आयोजित यह संध्या उसी गौरवशाली परंपरा का सफल विस्तार सिद्ध हुई।

इस अवसर पर संग्रहालय के निदेशक प्रो. अमिताभ पांडे ने कहा कि मानव संग्रहालय भारतीय सांस्कृतिक विरासत, लोक एवं जनजातीय परंपराओं तथा शास्त्रीय कलाओं के संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर प्रयासरत है। ऐसे आयोजन कला और संस्कृति के प्रति जन-रुचि को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ युवा पीढ़ी को भारतीय संगीत की समृद्ध परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं।

कार्यक्रम में भोपाल एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में संगीत, कला एवं संस्कृति प्रेमियों ने सहभागिता कर शास्त्रीय संगीत की इस अनुपम संध्या का आनंद लिया।

Related posts

नैशनल कॉलेज क्रॉसवर्ड प्रतियोगिता के पहले राउंड में IIT मद्रास की नेहा ने प्राप्त किया सर्वोच्च स्थान।

rktvnews

चतरा:जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने वेयरहाउस का किया आंतरिक निरीक्षण।

rktvnews

भोजपुर:भोजपुर जिला क्रिकेट संघ की वार्षिक आम सभा संपन्न।

rktvnews

“शिवादी” ने आयोजित की संगीत श्रद्धांजलि।

rktvnews

भोपाल:प्रदेश की तीन महिला क्रिकेट खिलाड़ियों को दी जाएगी 25-25 लाख रूपए की प्रोत्साहन राशि : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

rktvnews

जगजीवन आरपीएफ अकादमी लखनऊ में नवनिर्मित राष्ट्रीय शहीद स्मारक का अनावरण किया गया।

rktvnews

Leave a Comment