
आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)18 मई।विश्व हाइपरटेंशन डे के अवसर पर शहर में चिकित्सकों द्वारा जागरूकता रैली सह गोष्ठी का आयोजन किया गया। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी तथा आद्रिति हॉस्पिटल द्वारा हुआ।कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को उच्च रक्तचाप यानी हाइपरटेंशन के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः सात बजे से जागरूकता रैली रेड क्रॉस परिसर से शुरू होकर कलेक्ट्रेट, डिस्ट्रिक्ट कोर्ट, नागरी प्रचारिणी, दक्षिणी रमना, होटल पार्क व्यू और शहीद भवन होते हुए पुनः रेड क्रॉस में पहुंचकर गोष्ठी में तब्दील हो गया जिसमें
चिकित्सकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी रही।
इस अवसर पर आईएमए अध्यक्ष डॉ. जितेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली के कारण कम उम्र में ही लोग उच्च रक्तचाप और शुगर जैसी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं।इसके लिए प्रतिदिन कम से कम एक घंटा अपने स्वास्थ्य और व्यायाम के लिए जरूर निकालना चाहिए।
आईएमए जिला सचिव डॉ. विकास सिंह ने कहा कि बढ़ती अपेक्षाएं, तनाव और अनियमित दिनचर्या भी हाई बीपी और शुगर की बड़ी वजह बन रही हैं। उन्होंने लोगों से संतुलित खानपान और नियमित दिनचर्या अपनाने की अपील की।
आद्रिति अस्पताल के निदेशक एवं हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित जायसवाल ने कहा कि पहले जहां बीपी की समस्या अधिक उम्र के लोगों में देखी जाती थी, वहीं अब बड़ी संख्या में युवा भी इससे प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि समय पर पहचान और नियमित जांच से इस बीमारी को नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने मॉर्निंग वॉक, व्यायाम और संतुलित भोजन को जरूरी बताया।
डॉ. राजीव रंजन ने उच्च रक्तचाप से होने वाली जटिलताओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।कार्यक्रम में पद्मश्री भीम सिंह भवेश डॉ. पी सिंह, डॉ. कन्हैया सिंह, डॉ. बी.के. प्रसाद, डॉ. बिनोद कुमार, डॉ. गुंजन सिंह, डॉ. राजीव सिंह, डॉ. जीवेश कुमार, डॉ. विभा,डा दिनेश प्रसाद सिन्हा,अधिवक्ता गुंजय जी, रो रामकुमार सिंह, टिंकू जी एवं संजीव कुमार गुप्ता ,शिक्षक हरिश्चन्द्र साह, प्रमोद राय अधिवक्ता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
