
पटना/बिहार (राकेश मंगल सिन्हा) 3 अक्टूबर। देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर बिहार प्रदेश चित्रगुप्त वंशज द्वारा श्रद्धांजलि सभा का आयोजन बिहार प्रदेश चित्रगुप्त वंशज के अध्यक्ष लक्ष्मण कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता मे किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि शास्त्री जी का जीवन सादगी, ईमानदारी, त्याग और देशभक्ति का अद्भुत उदाहरण है। उनका जन्म 2 अक्टूबर 1904 को उत्तर प्रदेश के मुगलसराय मे हुआ था। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन मे सक्रिय भाग लिया और देश की सेवा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। देश के प्रधानमंत्री के रूप मे उन्होंने कठिन परिस्थितियों मे देश का नेतृत्व किया। 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान उन्होंने देशवासियों मे आत्मविश्वास और एकता का संचार किया। उनके द्वारा दिया गया नारा “जय जवान जय किसान” आज भी भारत के सैनिकों और किसानों के सम्मान का प्रतीक है। शास्त्री जी के व्यक्तित्व से हमें यह प्रेरणा मिलती है कि महान बनने के लिए पद या संपत्ति नहीं बल्कि ईमानदार चरित्र, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना आवश्यक है जो आने वाली पीढियों के लिए सदैव प्रेरणा स्रोत बना रहेगा।
