
RKTV NEWS/दुमका (झारखंड)13 मई।उपायुक्त अभिजीत सिन्हा के निर्देशानुसार प्रखंड विकास पदाधिकारी रानीश्वर राजेश कुमार सिन्हा द्वारा धनभाषा पंचायत अंतर्गत सिडलीबीना स्थित मध्य विद्यालय एवं खराब पड़े जलमीनार का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मध्य विद्यालय सिडलीबीना में नए जलमीनार की स्थापना की स्थिति का जायजा लिया गया। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक द्वारा विद्यालय में नए शौचालय निर्माण एवं संपर्क सड़क निर्माण कराने का अनुरोध किया गया, जिस पर उपस्थित पंचायत सचिव एवं कनीय अभियंता को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही सिडलीबीना गांव स्थित खराब जलमीनार को अविलंब दुरुस्त कराने का निर्देश भी पंचायत सचिव को दिया गया।
इसके अतिरिक्त आसनबनी पंचायत अंतर्गत मुखिया टोला में अबुआ आवास योजना के लाभुकों के आवास निर्माण कार्य का निरीक्षण किया गया। साथ ही मनरेगा योजना के तहत लाभुक कारियो हांसदा के बिरसा सिंचाई कूप का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उपस्थित कनीय अभियंता को योजना स्थल पर बोर्ड लगाने का निर्देश दिया गया।
आवास निरीक्षण के क्रम में पंचायत स्वयं सेवकों द्वारा जानकारी दी गई कि कई लाभुकों द्वारा प्राप्त किस्त की राशि से कार्य पूर्ण कर लिया गया है, लेकिन अगली किस्त की राशि अब तक प्राप्त नहीं हुई है। इस पर प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कहा कि ऐसे सभी लाभुकों के आवास निर्माण कार्य का जियो टैगिंग एवं सत्यापन कराते हुए अविलंब अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।
प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आसनबनी का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती दो मरीजों का इलाज जारी पाया गया। इसके उपरांत मध्य विद्यालय आसनबनी का निरीक्षण किया गया, जहां बच्चों के लिए मध्याह्न भोजन योजना के अंतर्गत भोजन तैयार किया जा रहा था। विद्यालय परिसर में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र आसनबनी-1 का भी निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, कनीय अभियंता, मुखिया, पंचायत सचिव, पंचायत स्वयं सेवक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
