
आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)11 अप्रैल।आज जिला पदाधिकारी, भोजपुर, तनय सुल्तानिया की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पटना द्वारा आयोजित वार्षिक माध्यमिक परीक्षा 2026 में जिला भोजपुर के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन के उपलक्ष्य में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में जिले के कुल 40 उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इनमें राज्य स्तर पर टॉप 10 में स्थान प्राप्त करने वाले भोजपुर के 07 छात्र-छात्राएँ, जिला स्तर पर टॉप 10 में स्थान प्राप्त करने वाले 19 छात्र-छात्राएँ तथा अन्य उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 14 छात्र-छात्राएँ शामिल थे। साथ ही संबंधित विद्यालयों के प्राचार्य/प्रधानाध्यापकों को भी शैक्षणिक क्षेत्र में उनके सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
जिला पदाधिकारी, भोजपुर ने छात्र-छात्राओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें जीवन में नई ऊँचाइयाँ प्राप्त करने हेतु शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम के दौरान आयोजित संवाद सत्र में छात्र-छात्राओं ने जिला पदाधिकारी से सीधे संवाद करते हुए अपनी जिज्ञासाएँ एवं प्रश्न प्रस्तुत किए, जिनका उन्होंने सरल एवं प्रेरणादायक ढंग से समाधान किया। इस अवसर पर अभिभावकों का भी उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में मानवेन्द्र कुमार राय, जिला शिक्षा पदाधिकारी, भोजपुर, नवीन कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी, भोजपुर, चंदन प्रभाकर, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा), मो० शारिक अशरफ, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (माध्यमिक शिक्षा) एवं रमेश कुमार पाल, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) सहित शिक्षा विभाग के अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
मौके पर संबंधित विद्यालयों के प्राचार्य/प्रधानाध्यापक, छात्र-छात्राएँ एवं उनके अभिभावक भी उपस्थित रहे।
