RK TV News
खबरें
Breaking News

जयपुर:प्रदेश में घरेलू रसोई गैस आपूर्ति हेतु पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध, आमजन को घबराने की आवश्यकता नहीं: मुख्य सचिव

RKTV NEWS/जयपुर(राजस्थान )12 मार्च। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा घरेलू रसोई गैस की आपूर्ति के संबंध में दिए निर्देशों की अनुपालना में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने बुधवार को सचिवालय में प्रदेश के सभी जिला कलेक्टर्स, पुलिस अधीक्षकों, विभिन्न विभागों के आला अधिकारियों तथा ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ वीसी के माध्यम से एक महत्वपूर्ण हाइब्रिड बैठक ली जिसमें कलेक्टर और एसपी वीसी के माध्यम से जुड़े।
मुख्य सचिव ने कहा कि केंद्र सरकार के गत 9 मार्च के एलपीजी कंट्रोल ऑर्डर के माध्यम से व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पर रोक लगा दी गई है परंतु घरेलू उपभोक्ताओं को रसोई गैस आपूर्ति सुचारू रूप से की जा रही है। उन्होंने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति हेतु प्रदेश में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। इस संबंध में घरेलू उपभोक्ताओं को चिंतित होने की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों में रसोई गैस की निर्बाध एवं नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को प्रदेश में संचालित सभी अन्नपूर्णा रसोइयों में भी रसोई गैस का उचित प्रबंध करने हेतु निर्देशित किया।

राज्य एवं जिला स्तर पर निगरानी कमेटी

बैठक में मुख्य सचिव ने घरेलू गैस सिलेंडर आपूर्ति प्रक्रिया की प्रभावी मॉनिटरिंग हेतु राज्य एवं जिला स्तर पर निगरानी समितियां बनाने के दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन समितियों में पुलिस और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभागों के अधिकारी एवं ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल रहेंगे। यह कमेटी राज्य एवं जिला स्तर पर मांग एवं आपूर्ति के अनुसार घरेलू गैस सिलेंडर की स्टॉकिंग, आवाजाही एवं वितरण प्रक्रिया की प्रभावी मॉनिटरिंग करेगी तथा घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी एवं अन्य उद्देश्य के लिए इस्तेमाल के विरुद्ध प्रभावी रोकथाम सुनिश्चित करेगी।

गैस सिलेंडर की कालाबाजारी रोकने हेतु तीन हेल्पलाइन

मुख्य सचिव ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित दिए कि पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 112 पर एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी, अवैध भंडारण आदि के संबंध में आई शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी संज्ञान लेकर कार्रवाई करें। साथ ही, राजस्थान संपर्क की हेल्पलाइन नंबर 181 पर भी गैस सिलेंडर की कालाबाजारी की शिकायत की जा सकेगी। उपभोक्ता मामले विभाग के हेल्पलाइन नंबर 14435 पर भी इस संबंध में शिकायत दर्ज की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कालाबाजारी एवं अन्य उद्देश्य के लिए इस्तेमाल रोकने हेतु जिला एवं राज्य स्तर पर गठित कंट्रोल रूम निरंतर कार्य करेंगे एवं रसोई गैस आपूर्ति की प्रभावी निगरानी कर आमजन को सुगम उपलब्धता सुनिश्चित करेंगे।

ज़िला स्तर पर होगी दैनिक प्रेस ब्रीफिंग

मुख्य सचिव ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे रसोई गैस आपूर्ति की स्थिति से आमजन को प्रतिदिन मीडिया के माध्यम से अवगत कराएंगे। उन्होंने कहा कि आमजन में घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति की वस्तुस्थिति के बारे में ज्यादा से ज्यादा जागरूकता आवश्यक है ताकि किसी प्रकार की भ्रामक स्थिति उत्पन्न न हो।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के शासन सचिव अम्बरीष कुमार ने कहा कि घरेलू उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की सहज उपलब्धता हेतु मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं मुख्य सचिव द्वारा प्रदत्त निर्देशों की विभागीय स्तर पर शत प्रतिशत अनुपालना सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में ओएनजीसी के प्रतिनिधि मनोज गुप्ता ने बताया कि रसोई गैस की आपूर्ति के संबंध में स्थिति नियंत्रण में है। गैस कंपनियों द्वारा लगातार घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है। ई— केवाईसी एवं डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड के माध्यम से वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से संपन्न किया जा रहा है।
बैठक में विभिन्न विभागों के आला अधिकारी, संभागीय आयुक्त, ज़िला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित ऑयल गैस कंपनियों के आलाधिकारी उपस्थित रहे।

Related posts

मध्यप्रदेश में 19 अप्रैल को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक होगा प्रथम चरण का मतदान,मतदान के पहले मॉकपोल सुबह 5:30 बजे होगा।

rktvnews

मुख्यमंत्री ने मईया योजना संबंधी फर्जी कॉल से किया सतर्क।

rktvnews

श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर भजन-कीर्तन व सांस्कृतिक कार्यक्रम मे झूमे दर्शक।

rktvnews

देवघर:नशा मुक्त समाज बनाने में सभी का सहयोग अपेक्षितःउपायुक्त ,नमन प्रियेश लकड़ा

rktvnews

राष्ट्रीय सुशासन केंद्र ने बिम्सटेक देशों और मालदीव के सिविल सेवकों के लिए दो सप्ताह का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया।

rktvnews

भारत वैश्विक चीनी क्षेत्र का नेतृत्व करने हेतु वर्ष 2024 के लिए अंतर्राष्ट्रीय चीनी संगठन (आईएसओ) का अध्यक्ष बना।

rktvnews

Leave a Comment