
आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)08 फ़रवरी।लोकनायक जयप्रकाश स्मारक संस्थान पर जे.पी. सेनानी सुरेश सिंह के असामयिक निधन पर संस्थान और जे पी सेनानियों के द्वारा एक शोक सभा का आयोजन किया गया। दिवंगत सुरेश सिंह को दो मिनट की मौन श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। ज्ञातव्य हो की विगत 5 फरवरी के प्रातः टहलते समय रक्तचाप के अचानक गिर जाने के पश्चात अस्पताल लाते समय रास्ते में ही उनका असामयिक निधन हो गया।उपस्थित 1974 आन्दोलन के वरिष्ठ सहयोगी सुरेश सिंह एक इमानदार,साहसी और प्रतिबद्ध सामाजिक कार्यकर्ता थे। गुलाबचंद प्रसाद ने कहा कि आपातकाल के दौरान “जिंदा जे पी वापस दो” के नारे के साथ छात्रों द्वारा निकाले गये वृहत् प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए सुरेश की गिरफ्तारी हुई और उन्हें डी.आई. आर. के तहत जेल में डाल दिया गया था।तब से आज तक वे सामाजिक जीवन में निरंतर सक्रिय रहे। संचालन करते हुए स्मारक संस्थान के महासचिव सुशील कुमार ने कहा कि उनके असामयिक निधन से हम सभी मर्माहत हैं. सुशील तिवारी ने कहा कि उनके निधन से स्थानीय समाज को अपूर्णनीय क्षति हुई है। सलील भारतीय ने बताया कि वे एक सहृदय, मिलनसार और जुझारू व्यक्ति थे।शोक सभा में डा. नीरज सिंह, रवीन्द्रनाथ त्रिपाठी, पूर्व विधायक रामाकांत ठाकुर, अशोक मानव, शमीम आरवी विनोद सिंह, सरफराज अहमद आदि ने भी दिवंगत साथी के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की तथा उनके पैतृक गांव मोहनपुर कर्जा जाकर शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दिया।प्रतिनिधिमंडल में सर्वश्री सुशील तिवारी, गुलाबचंद प्रसाद, सलील भारतीय और स्मारक संस्थान के महासचिव सुशील कुमार शामिल रहे।
