
2 हजार से अधिक लोगों ने मेरा वोट, मेरा भविष्य थीम पर 100×100 फीट की मानव कलाकृति बनाई।

भव्य कलाकृति बना आकर्षण का केंद्र, कलाकृति में शामिल मतदाताओं ने जलाया मोबाइल फ्लैस लाइट, स्टेडियम हुआ प्रकाशमय

सेल्फी प्वाइंट, हस्ताक्षर अभियान, मतदाता शपथ का भी हुआ आयोजन।

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से मत के अधिकार की दी गई जानकारी।

हजारों की संख्या में उपस्थित मतदाताओं ने एक स्वर में वोट करेगा सिमरिया का नारा लगाया।

2 हजार से अधिक लोगों ने जिला निर्वाचन पदाधिकारी के द्वारा पढ़े गए मतदाता शपथ को दोहराया।

मतदाता स्वयं भी मतदान करें, परिवार के संग मतदान करें तथा आस पास के लोगों को भी जागरूक करें एवं उन्हे मतदान के लिए प्रेरित करें।

मतदान के दिन एनटीपीसी के सभी मतदाता कर्मियों को सवैतनिक अवकाश होगा:रमेश घोलप
RKTV NEWS/चतरा (झारखण्ड)12 नवंबर।स्वीप कार्यक्रम के तहत सिमरिया विधानसभा क्षेत्र के टंडवा एनटीपीसी उड़ान स्टेडियम में सोमवार को देर रात तक भव्य चुनाव मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उक्त मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में 2 हजार से अधिक मतदाताओं द्वारा मेरा वोट, मेरा भविष्य थीम पर मानव कलाकृति बनाई गई। जिसमे मानव कलाकृति में शामिल मतदाताओं द्वारा मोबाइल का फ्लैस लाइट जलाकर मतदाता जागरूकता का संदेश दिया गया। साथ ही मतदाताओं ने वोट करेगा सिमरिया का नारा बुलंद किया। वहीं मोबाइल फ्लैश लाइट के रौशनी से उड़ान स्टेडियम प्रकाशमय हुआ। इसके अलावे सेल्फी प्वाइंट के पास पहुंच जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रमेश घोलप समेत हजारों की संख्या में उपस्थित मतदाताओं ने सेल्फी खिंचाई। वहीं आयोजित हस्ताक्षर अभियान में सभी ने शामिल होकर नशा को कहें ना, वोट को कहें हां हस्ताक्षर बोर्ड पर सभी ने हस्ताक्षर किया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा मतदाताओं को मतदाता शपथ भी दिलाया गया।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले के चतरा और सिमरिया विधानसभा क्षेत्र के मतदाता मतदान के प्रति जागरूक होकर लोकतंत्र के महापर्व में भाग ले और 13 नवंबर को मतदान करें।
कार्यक्रम में 2 हजार से अधिक मतदाताओं ने मेरा वोट,मेरा भविष्य थीम पर 100×100 फीट की भव्य कलाकृति बनाई जिसे देखने के लिए सिमरिया विधानसभा क्षेत्र के हजारों महिला और पुरुष मतदाता पहुंचे।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रमेश घोलप ने अपने संबोधन में कहा कि काफी गर्व की बात है कि आप सभी ने लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान मतदान किया है। हम अपेक्षा करते हैं कि आपका जो मत का अधिकार है उसका प्रयोग 13 नवंबर 2024 को जरूर करें। 13 नवंबर को जिले के चतरा और सिमरिया विधानसभा क्षेत्र में मतदान होना है। आप सभी ने पिछले चुनाव में एक जागरूक मतदाता होने का फर्ज निभाया था। इस राज्य के दूसरे विधानसभा क्षेत्र के भी अगर मतदाता है तो चुनाव के दिन अपने मतदान केंद्र पहुंच मतदान आवश्य करें। आप अपने एक वोट के ताकत को समझिए, हर एक वोट लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए महत्वपूर्ण है। जिला प्रशासन द्वारा निर्वाचन आयोग के निर्देशुसार मतदान केंद्रों पर आवश्यक सभी सुविधाएं बहाल की जा रही है। आप सभी निर्भीक एवं भयमुक्त होकर अपने मतदान केंद्र जाएं और मतदान करें। आप तो मतदान करेंगे और अपने जानने वाले और परिवार के सदस्यों को भी मतदान करने के लिए प्रेरित करें।मतदान के दिन एनटीपीसी के सभी मतदाता कर्मियों को सवैतनिक अवकाश होगा। सभी मतदाता शत प्रतिशत मतदान करें। आप सभी लोगों ने लोकतांत्रिक परंपराओं को बनाए रखने के लिए शपथ लिया तथा जिले के विभिन्न क्षेत्र से आए लोग इस कार्यक्रम में उपस्थित हैं। हम सभी से उम्मीद करते हैं कि अपने घर को लौटने के बाद 13 नवंबर को स्वयं भी और परिवार के साथ मतदान करने हेतु संबंधित बूथ केन्द्रों पर जाएंगे तथा आस पास के लोगों को भी मतदान केन्द्र पहुंच कर वोट करने के लिए उत्साहित करेंगे और एक जागरूक मतदाता होने का फर्ज निभाएंगे। हम सभी मतदाताओं से अपील करते है कि जिस तरह आप सभी इस कार्यक्रम में आकर कार्यक्रम को सफल बनाया इसी प्रकार 13 नवंबर को भी अपनेे मतदान केन्द्र पर जाकर अपने परिवार के साथ मत का प्रयोग जरूर करें।
स्वीप कार्यक्रम के तहत आयोजित मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक की भी प्रस्तुति की गई एवं नाटक के माध्यम से 13 नवंबर को मतदान केंद्र पहुंच मतदान करने और मतदान केंद्रों पर दिव्यांग एवं वृद्ध मतदाताओं को किसी भी प्रकार की समस्या ना हो इसके लिए बहाल की जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी दी गई साथ ही भय मुक्त एवं निर्भीक होकर मतदान केंद्र पहुंच मतदान करने का अपील किया गया।
उक्त कार्यक्रम में निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी सिमरिया सन्नी राज, प्रखंड विकास पदाधिकारी देवलाल उरांव, अंचल अधिकारी टंडवा विजय कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सह स्वीप कोषांग के नोडल पदाधिकारी शकील अहमद, समाज कल्याण पदाधिकारी रीना साहू, एनटीपीसी के अधिकारी कर्मी समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी कर्मी उपस्थित थे।
