
RKTV NEWS/बक्सर ( बिहार)10 नवंबर। शनिवार को जिला पदाधिकारी बक्सर, अंशुल अग्रवाल के द्वारा विद्युत विभाग (आपूर्ति एवं परियोजना) की समीक्षा बैठक विद्युत कार्यालय, बक्सर में की गई।
स्मार्ट प्रीपेड मीटर अधिष्ठापन की समीक्षा के क्रम में प्रगति मात्र 19 प्रतिशत पाई गई। इसमें प्रगति हेतु न तो संबंधित एजेंसी के द्वारा कोई अभिरूचि ली जा रही है एवं न ही कार्यपालक अभियंता विद्युत आपूर्ति प्रमंडल बक्सर के द्वारा कोई अनुश्रवण एवं कार्रवाई की जा रही है। सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के क्रियान्वयन के प्रति अभिरूचि नहीं ली जा रही है। जिस पर खेद व्यक्त किया गया।
कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल बक्सर को निर्देशित किया गया कि प्राथमिकता के तौर पर सभी सरकारी कार्यालयों में एक माह के अंदर स्मार्ट प्रीपेड मीटर अधिष्ठापित कराना सुनिश्चित करें। साथ ही स्मार्ट प्रीपेड मीटर के संबंध में भ्रातियों को दूर करने हेतु प्रचार प्रसार करने का निर्देश दिया गया।
कार्यपालक अभियंता विद्युत आपूर्ति प्रमंडल बक्सर को निर्देश दिया गया कि साप्ताहिक कार्य योजना बनाते हुए एजेंसी एवं संबंधितों के साथ बैठक कर स्मार्ट प्रीपेड मीटर अधिष्ठापन में प्रगति लाना सुनिश्चित करेंगे।
विद्युत विपत्रों के भुगतान नहीं करने के संबंध में समीक्षा के क्रम में पाया गया कि लंबित राशि की वसूली हेतु कोई ठोस प्रयास नहीं किया जा रहा है, जो खेदजनक है। कार्यपालक अभियंता विद्युत आपूर्ति प्रमंडल बक्सर को निर्देश दिया गया कि समक्ष न्यायालय से लगातार सम्पर्क कर दायर वाद में ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करायें, ताकि राशि वसूली किया जा सकें।
समीक्षा के क्रम में पाया गया कि ब्रह्मपुर के नैनीजोर में 63 के0वी0 का 04 ट्रांसर्फमर एक ही माह में जलने के कारण बदले गये है। कार्यपालक अभियंता विद्युत आपूर्ति प्रमंडल बक्सर के द्वारा बताया गया कि लोड अधिक रहने के कारण 04 ट्रांसर्फमर एक माह में जलें है। 01 ट्रांसर्फमर जलने के बाद बिना कोई आकलन किए कम क्षमता का ट्रांसर्फमर लगाया जाता रहा, जिससे ट्रांसर्फमर क्षति के साथ-साथ उक्त क्षेत्र के निवासियों को विद्युत आपूर्ति की समस्या हुई। जिस पर अप्रसन्नता व्यक्त किया गया।
उक्त बिंदुओं के आलोक में कार्यपालक अभियंता विद्युत आपूर्ति प्रमंडल बक्सर से स्पष्टीकरण करने का निर्देश दिया गया।
समीक्षा के क्रम में पाया गया कि बार-बार निर्देश देने के बावजूद विद्युत आपूर्ति बाधित रहने के संबंध में एक दो दिन पूर्व सूचना स्थानीय समाचार पत्रों एवं अन्य माध्यमों से नहीं दी जा रही है। जिसके कारण लोगों को काफी कठिनाईयों का सामना करना पड रहा l है। कार्यपालक अभियंता विद्युत आपूर्ति प्रमंडल को निर्देश दिया गया कि विद्युत आपूर्ति बाधित होने की सूचना एक दो दिन पूर्व सभी माध्यमों से प्रकाशित कराना सुनिश्चित करेंगे।
कार्यपालक अभियंता विद्युत आपूर्ति प्रमंडल बक्सर को निर्देश दिया गया कि कृषि फीडर (MKVSY) एवं अन्य योजनाओं में निर्धारित समय सीमा के अंदर गुणवता के साथ कार्य पूर्ण करायें।
समीक्षा के क्रम में कार्यपालक अभियंता विद्युत आपूर्ति प्रमंडल बक्सर, सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता उपस्थित थे।
