
शाहपुर/भोजपुर (राकेश मंगल सिन्हा) 5 नवम्बर। नहाय खाय के साथ ही लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत हो चुकी है। छठ पूजा को लेकर भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड के बिलौटी गाँव स्थित सूर्य मंदिर की रौनक बढ़ गई है। इन दिनों इस सूर्य मंदिर का नजारा देखते ही बन रहा है। गुलजार है सूर्य मंदिर परिसर। आरा-बक्सर मुख्य मार्ग के उत्तर दिशा में और आरा-बक्सर एन एच 922 फोरलेन के दक्षिण दिशा में स्थित है यह ऐतिहासिक सूर्य मंदिर। इस मंदिर के उत्तर दिशा में स्थित है एक बड़ा सा तालाब। यह सूर्य मंदिर आरा-बक्सर मुख्य मार्ग के उत्तर दिशा में स्थित है। फोरलेन बनने के दौरान बिलौटी गाँव के उत्तर दिशा से फोरलेन एन एच 922 को निकाला गया है। अब यह सूर्य मंदिर पुराने आरा-बक्सर मुख्य मार्ग के उत्तर और फोरलेन एनएच 922 के दक्षिण दिशा में है। अब इस मंदिर के दोनों तरफ सड़क हो गई है। बिलौटी और आसपास के गाँवों के अलावा अन्य दूर-दूर जगह के भी श्रद्धालु एवं छठव्रती यहाँ छठ पूजा करने आते हैं। इस ऐतिहासिक सूर्य मंदिर के पास स्थित तालाब के नजदीक सन 1928 में पदयात्रा के दौरान राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ठहरे थे और यहाॅ के लोगों समेत देशवासियों को स्वतंत्रता का अमर संदेश दिया था। जिस स्थान पर महात्मा गांधी रुके थे वहाँ पर गांधी चबूतरा बनाया गया है। चबूतरा के ऊपर गांधी जी की मूर्ति लगी हुई है। इस सूर्य मंदिर का निर्माण जगदीश चौबे द्वारा कराया गया था। वे रोहतास जिले के गंज भङसरा गाँव के निवासी थे और बिलौटी गाँव मे ही रहते थे। कांग्रेस नेत्री पूर्व प्रधानाध्यापक डा मालती पांडे ने बताया कि छठ पूजा करने आये श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए पूरी व्यवस्था की गई है ताकि आगंतुकों को किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं हो। शाहपुर प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष राकेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि सूर्य मंदिर परिसर के साथ-साथ उसके आसपास के क्षेत्र और तालाब की साफ सफाई की गई है। सूर्य मंदिर परिसर, उसके आसपास का क्षेत्र और तालाब के चारों तरफ तरह-तरह के आकर्षण लाइट लगाए गए हैं। आकर्षक रौशनी से पटा है यह इलाका। यहाँ के गणमान्य लोगों की टीम पूरी तत्परता के साथ व्यवस्था करने मे लगी हुई है ताकि छठ पूजा करने पहुॅचे रहे श्रद्धालुओं को किसी तरह की कोई परेशानी नही हो।
