
शाहपुर/भोजपुर (राकेश मंगल सिन्हा) 26 अक्टूबर। भोजपुर जिले के शाहपुर थाना परिसर में दीपावली तथा छठ पर्व के मद्देनजर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। दीपावली, गोवर्धन पूजा तथा छठ पर्व के अवसर पर शांति व्यवस्था बनाये रखने को लेकर शांति समिति की बैठक बीडीओ शत्रुंजय कुमार सिंह, सीओ शम्मा परवीन, थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर कुमार रजनीकांत, मुख्य पार्षद जुगनू देवी तथा अन्य गणमान्य लोगों की उपस्थिति में थाना परिसर मे की गई। बैठक मे पदाधिकारियों ने लोगों से दीपावली, गोवर्धन पूजा और छठ पर्व को प्रेम, भाईचारा तथा आपसी सौहार्द के वातावरण में मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी प्रकार की गड़बड़ी तथा अशांति फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी। पदाधिकारियों ने कहा कि खतनाक घाट पर नजर रखी जायेगी ताकि किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना नहीं हो। उन्होंने लोगों से प्रशासन को हर गतिविधि से अवगत कराने को कहा ताकि घाट पर एसडीआरएफ की टीम की तैनाती की जा सके और छठ घाट पर लोगों की सुविधा का ख्याल रखा जा सके ताकि किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हो। बैठक में पूर्व मुख्य पार्षद विजय सिंह, शारदानंद सिंह उर्फ गुड्डू यादव, कृष्ण प्रसाद, शिवशंकर सिंह, भाजपा नगर अध्यक्ष अंकित पांडेय, धर्मेन्द्र गुप्ता, वार्ड पार्षद संजय चतुर्वेदी, मो शाहिद अनवर, कमलेश कुमार राज, मनोज पासवान, शशिभूषण भट्ट सहित कई प्रतिनिधि व गणमान्य लोग उपस्थित थे।
