
बिहार अग्निशमन सेवा, एचपीसीएल, आइओसीएल, बीपीसीएल, नगर-निगम, ऊर्जा विभाग,बिहार पुलिस एवं अन्य हितधारकों के साथ लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय।
RKTVNEWS/पटना(बिहार )21 जून।बस्तियों और झुग्गी झोपड़ियों में आग से बचाव के प्रति बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (BSDMA) अत्यंत संवेदनशील है। इस उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए, शुक्रवार को प्राधिकरण के सभाकक्ष में उपाध्यक्ष डॉ. उदयकांत की अध्यक्षता और माननीय सदस्य पारसनाथ राय के मार्गदर्शन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में बस्तियों और झुग्गी झोपड़ियों में आग से बचाव के लिए बिहार अग्निशमन सेवा, एचपीसीएल, आइओसीएल, बीपीसीएल, नगर निगम, ऊर्जा विभाग और अन्य हितधारकों के साथ महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में नगर निगम, ऊर्जा विभाग, अग्निशाम सेवा, वार्ड पार्षद, आपदा मित्र और बस्ती टास्क फोर्स के माध्यम से बस्तियों में खुले बिजली के तारों और ट्रांसफार्मरों का निरंतर निरीक्षण और आवश्यकता अनुसार उनका प्रतिस्थापन कराये जाने का निर्णय लिया गया। एचपीसीएल, आइओसीएल, बीपीसीएल के माध्यम से उज्ज्वला योजना के अंतर्गत बस्तियों में उपयोग किए जाने वाले एलपीजी गैस सिलेंडरों की पुरानी पाइप्स और रेगुलेटर की जाँच और बदलाव किया जाएगा। नगर निगम, अग्निशाम सेवा और वार्ड पार्षद के माध्यम से बस्तियों में आवश्यकता अनुसार फायर हायड्रेंट्स लगाने और फायर बॉल का वितरण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, बस्तियों में खाना पकाने के छोटे सिलेंडरों के अवैध रिफिलिंग को रोकने के लिए कार्रवाई की जाएगी। प्राधिकरण के तत्वावधान में प्रत्येक माह बस्तियों की अग्नि सुरक्षा और बचाव के लिए सभी विभागों और हितधारकों के साथ बैठक का आयोजन किया जाएगा, और बस्तियों में रहने वाले लोगों के क्षमतावर्द्धन और पूर्व तैयारी हेतु कार्ययोजना पर निरंतर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। बैठक में अगलगी से बचाव के उपायों को पूरी तरह से कार्यान्वित करने के लिए एडीएम (आपदा प्रबंधन) पटना के नेतृत्व में एक समन्वय समिति का गठन किया गया। यह समिति चिह्नित बस्तियों का निरीक्षण करके अग्नि से बचाव को सुदृढ़ करेगी और समुदाय के क्षमतावर्द्धन पर विशेष ध्यान देगी। बैठक में लिए गए निर्णयों के माध्यम से पटना जिला अंतर्गत बस्तियों एवं झुग्गी झोपड़ियों को अग्नि आपदा से बचाव एवं प्रत्युतर हेतु आज से विभिन्न हितधारकों के सहयोग से निरीक्षण एवं मॉकड्रिल का कार्य शुरू कर दिया गया है।
इस बैठक में डीआईजी फायर एम.के. चौधरी, एडीजी फायर विद्या सागर, एडीएम पटना डी.पी. शाही, संयुक्त नगर आयुक्त देवेंद्र सुमन, डीजीएम, आइओसीएल विनीत सेठ, जीएम, एचपीसीएल एम.के. सिंह,बीपीसीएल के प्रियांक सेठी, युगांतर के कार्यकारी निदेशक संजय पांडेय के साथ विभिन्न हितधारकों के प्रतिनिधि समेत प्राधिकरण के पदाधिकारीगण उपस्थित रहे। बैठक का संचालन प्राधिकरण के वरीय सलाहकार डॉ. जीवन कुमार ने किया।
