आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)14 जून।सामाजिक संस्था नई आशा द्वारा गुरुवार को उदवंतनगर प्रखंड के चैराई में स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। जिसमें दर्जन भर गर्भवती महिलाओं का उदंतनगर पीएचसी ले जाकर स्वास्थ्य जांच कराया गया। इस दरमियान सभी गर्भवती महिलाओं के बीच तौलिया साबुन आदि वितरित किया गया। इस अवसर पर नई आशा के साथ लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी तथा अन्य विद्यालयों के इंटर्नशिप कर रहे दो दर्जन विद्यार्थियों द्वारा महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान नियमित रूप से स्वास्थ्य परीक्षण कराने, स्वच्छ भोजन करने, साफ सफाई के साथ रहने एवं सस्ते मौसमी फल और सब्जियां आदि खाने के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। गर्भवती महिलाओं को बताया गया कि प्रथम गर्भवती महिला को प्रधानमंत्री मातृत्व वंदन योजना के तहत 5000 रूपये से अधिक विभिन्न चरणों में मिलते हैं। साथ ही अस्पताल में प्रसव के बाद ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को उनके खाते में विभाग द्वारा 1400 रुपये भेजे जाते हैं। नई आशा के संरक्षक डॉ भीम सिंह भवेश ने कहा कि जागरूकता के अभाव में अभी तक किसी भी महिला का स्वास्थ्य जांच नहीं होने एवं कुछ महिलाओं का टोले में ही प्रसव होना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने उपस्थित एएनएम, आशा एवं आशा फैसिलिटेटर से इस टोले में जागरूकता अभियान पर विशेष ध्यान देने की बात कही। इस अवसर पर मुनी सिंह, माधव जी ,सत्यम केसरी, धीरज कुमार, उज्जवल कुमार ,अर्पित कुमार, प्रकाश कुमार ,सचिन कुमार, आदित्य राज, उत्कर्ष तिवारी, विकास कुमार सहित एएनएम ज्ञानती देवी, आशा कार्यकर्ता अर्चना कुमारी एवं आशा फैसिलिटेटर सरिता कुमारी मौजूद थी।
