RK TV News
खबरें
Breaking Newsनिर्वाचन

राजस्थान में मतगणना से जुड़ी तैयारियों पूरी: मुख्य निर्वाचन अधिकारी

RKTV NEWS/जयपुर(राजस्थान)03 जून। मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि राज्य के सभी 25 लोकसभा क्षेत्रों का परिणाम 4 जून को आएगा। साथ ही, बागीदौरा विधानसभा उपचुनाव के नतीजे भी घोषित किए जाएंगे। प्रदेश में 29 स्थानों पर सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। राज्य में मतगणना के संबंध में सभी तैयारियों पूरी कर ली गईं हैं। पर्याप्त संख्या में मतगणना कार्मिकों की उपलब्धता सुनिश्चित कर उनको प्रशिक्षित किया जा चुका है।
श्री गुप्ता ने बताया कि सबसे पहले सुबह 8 बजे से पोस्टल बैलेट के माध्यम से डाले गए मतों की गणना प्रारंभ की जाएगी, इसके लिए कुल 63 कक्ष बनाए गए हैं। इसके बाद 8.30 बजे से ईवीएम के मतों की गिनती शुरू की जाएगी, इसके लिए कुल 235 कक्ष होंगे। ईवीएम के मतों की गणना के लिए 2,713 टेबल्स और पोस्टल बैलेट एवं ईटीबीपीएस से डाले गए मतों की गणना के लिए 841 टेबल्स लगाई जाएंगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री गुप्ता ने बताया कि सभी 25 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतगणना कुल 4,033 राउंड में होगी। सबसे अधिक कुल 206 राउंड राजसमंद और सबसे कम कुल 143 राउंड बीकानेर लोकसभा क्षेत्र में होंगे। मतों की गिनती विधान सभा क्षेत्रवार होगी, जोधपुर लोकसभा क्षेत्र के जोधपुर विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम 13 राउंड और राजसमंद लोकसभा क्षेत्र के मेड़ता विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 28 राउंड की मतगणना होगी।

लोकसभा क्षेत्रवार कुल राउंड—

राजसमंद : 206
झालावाड़-बारां : 186
जालोर : 181
झुंझुनूं : 177
करौली-धौलपुर : 169
चित्तौड़गढ़ : 169
बांसवाड़ा : 167
उदयपुर : 166
पाली : 165
भीलवाड़ा : 163
जयपुर ग्रामीण : 161
दौसा : 158
चूरू : 157
कोटा : 156
जोधपुर : 155
गंगानगर : 148
अलवर : 153
नागौर : 153
सीकर : 152
जयपुर : 151
बाड़मेर : 151
टोंक-सवाई माधोपुर : 150
भरतपुर : 148
अजमेर : 148
बीकानेर : 143

ईटीपीबीएमएस की प्री-काउंटिंग के लिए 469 टेबल्स—

श्री गुप्ता ने बताया की भारत सेवा मतदाता निर्वाचन आयोग के इलेक्ट्रॉनिकली ट्रांसमिटेड पोस्टल बैलेट मैनेजमेंट सिस्टम (इटीपीबीएमएस) के द्वारा मतदान कर रहे हैं। अब तक 70 हजार से अधिक मत डाले गए हैं। 4 जून को प्रातः 8 बजे से पहले संबंधित आरओ को प्राप्त होने वाले ईटीबीपी को मतगणना में शामिल किया जा सकेगा। ईटीपीबीएमएस की प्री-काउंटिंग के लिए 35 कक्ष बनाए गए हैं और 469 टेबल्स लगाई जाएंगी। झुंझुनूं लोकसभा क्षेत्र के लिए सर्वाधिक 84, अलवर के लिए 56, सीकर के लिए 53 और जयपुर ग्रामीण लोकसभा क्षेत्र के लिए 48 टेबल्स लगाई जाएंगी।

3,550 माइक्रो ऑब्जर्वर, 1,200 एआरओ—

मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री गुप्ता ने बताया कि मतगणना के लिए रिटर्निंग अधिकारी, उप निर्वाचन अधिकारी, काउंटिंग सुपरवाईजर, काउंटिंग असिस्टेंट, काउंटिंग स्टाफ और माइक्रो ऑब्जर्वर सहित कुल 13 हजार से अधिक कार्मिकों की नियुक्ति की गई है। ईवीएम की मतगणना टेबल पर काउंटिंग सुपरवाइजर, काउंटिंग असिस्टेंट, काउंटिंग स्टाफ तथा एक माइक्रो ऑब्जर्वर रहेंगे। इसी प्रकार, पोस्टल बैलेट की गणना टेबल पर एक सहायक रिटर्निंग अधिकारी, एक काउंटिंग सुपरवाइजर, दो काउंटिंग असिस्टेंट तथा एक माइक्रो ऑब्जर्वर मौजूद रहेंगे। मतगणना टेबल पर अभ्यर्थी के काउंटिंग एजेंट भी रहेंगे। मतगणना टेबल्स के लिए करीब 3,550 माइक्रो ऑब्जर्वर और 1,200 से अधिक सहायक रिटर्निंग अधिकारी (एआरओ) नियुक्त किए गए हैं। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा राज्य में 56 मतगणना पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं।
मतगणना कक्षों में बिना अनुमति नहीं मिलेगा प्रवेश—

श्री गुप्ता ने बताया कि मतगणना स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों, पुलिस आयुक्त एवं पुलिस अधीक्षकों को मतगणना केंद्र में सुरक्षा मापदंडों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी मतगणना स्थलों पर त्रि-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था होगी। किसी भी व्यक्ति को बिना अनुमति के कमरे में प्रवेश करने या छोड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। आयुक्तालय जयपुर क्षेत्र में 5, जिला अजमेर और भीलवाड़ा में 3-3 तथा सभी मतगणना वाले जिलों में 2-2 आरएसी कंपनी/प्लाटून तैनात रहेंगी। इसके साथ ही, जिन जिलों में मतगणना केंद्र नहीं हैं, वहां भी 1-1 आरएसी कंपनी/प्लाटून तैनात रहेंगी।

मतगणना प्रक्रिया की 360 डिग्री वीडियोग्राफी—

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारियों, पुलिस आयुक्त एवं पुलिस अधीक्षकों को मतगणना केंद्र में सुरक्षा मापदंडों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। मतगणना के दिन को पूरे राज्य में सूखा दिवस घोषित किया गया है। मतगणना से पहले सभी सीयू, वीवीपैट मशीनों और संबंधित दस्तावेजों को स्ट्रॉन्ग रूम से लेकर काउंटिंग हॉल तक लाने और मतगणना पश्चात वापस स्ट्रॉन्ग रूम तक ले जाने की कार्यवाही की निर्बाध सीसीटीवी कवरेज सुनिश्चित की जाएगी। इस अवधि की सीसीटीवी कवरेज उम्मीदवार अथवा उनके एजेंट मतगणना हॉल में टीवी/ मॉनिटर पर देख सकेंगे। काउंटिंग हॉल में संपूर्ण मतगणना प्रक्रिया की 360 डिग्री सीसीटीवी कैमरा या वीडियोग्राफी से मय दिनांक और समय की मोहर के साथ कवरेज की जाएगी।
उल्लंघन से जुड़ी 10 पोस्ट्स पर कार्रवाई करते हुए उन्हें टेक डाउन करवाया गया। साथ ही, 5 प्रकरणों में पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई। लोकसभा आम चुनाव-2024 के मद्देनजर राज्य के विभिन्न पुलिस थानों में आचार संहिता उल्लंघन सहित अन्य प्रकरणों मे कुल 18 एफआईआर दर्ज की गईं हैं।

सी-विजिल पर 6,549 शिकायतें मिलीं, 3 एफआईआर—

श्री गुप्ता ने बताया की राज्य में सी-विजिल एप पर आचार संहिता उल्लंघन से जुड़ी कुल 6,549 शिकायतें प्राप्त हुई। इनमें से सही पाई गई सभी 3,521 शिकायतों का निर्धारित समयावधि में निस्तारण कर दिया गया। अलवर, झुंझुनूं और चित्तौड़गढ़ में सी-विजिल पर मिली शिकायतों के आधार पर 3 प्रकरणों में एफआईआर भी दर्ज की गई है। साथ ही, एनजीएसपी पर आचार संहिता के लागू होने के बाद से कुल 11,189 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 97 प्रतिशत का त्वरित निस्तारण कर दिया गया।

रिकॉर्ड 1,255 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की जब्ती—

श्री गुप्ता ने बताया कि चुनाव में धन-बल का दुरुपयोग रोकने के लिए प्रदेशभर में 1 मार्च से अब तक 1,255.26 करोड़ रुपये मूल्य की नकदी, शराब, ड्रग्स सहित अन्य अवैध सामग्री जब्ती की गई है।

सोशल मीडिया पर मतदाता जागरूकता में राजस्थान देश में अव्वर्ल—

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी सोशल मीडिया रैंकिंग में राजस्थान ने देश में पहला स्थान पर है। आयोग द्वारा अप्रैल माह में सोशल मीडिया (एक्स, इंस्टाग्राम, फेसबुक और यूट्यूब) के प्रदर्शन के आधार पर जारी रैंकिंग में राजस्थान और झारखंड ने संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं। सीईओ राजस्थान के एक्स, इंस्टाग्राम, फेसबुक और यूट्यूब अकाउंट्स पर अप्रैल में माह में करीब 11 लाख इम्प्रेशन मिले हैं। सबसे अधिक 6.83 लाख इम्प्रेशन एक्स पर मिले हैं।

सुगम मतदान के लिए कई नवाचार—

श्री गुप्ता ने बताया कि राजस्थान में पोस्टल बड्डी पोर्टल, क्यू मैनेजमैंट और मतदान के प्रति प्रोत्साहन के लिए डिजिटल प्रमाण-पत्र देने सहित कई नवाचार किए गए हैं। प्रदेश के मतदाताओं के घर-घर जाकर मतदाता पर्ची और मतदान मार्गदर्शिका वितरित की गई।

राज्य के गौरवान्वित मतदाताओं का धन्यवाद—

मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने लोकसभा चुनाव-2024 में भाग लेने के लिए मतदाताओं, राजनैतिक दल एवं उम्मीदवारों, मतदान कर्मियों एवं एजेंसियों, सुरक्षाकर्मियों, मीडिया एवं मतदाताओं तक जानकारी पहुंचाने में भागीदार संस्थाओं का धन्यवाद दिया है। श्री गुप्ता ने कहा कि लोकतंत्र के सबसे बड़े पर्व में भाग लेने एवं शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक चुनाव संपन्न कराने के लिए मैं सभी को धन्यवाद देता हूं।

Related posts

चतरा:नगर परिषद चुनाव: दो वार्डों में निर्विरोध निर्वाचन, 20 वार्डों में 82 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला।

rktvnews

पूर्वी सिंहभूम: उपायुक्त के निर्देश पर कंबलों का किया गया वितरण।

rktvnews

इंदौर:अवैध फटाखा दुकान/गोडाउन में लगी आग की जांच के बाद प्रशासन की बड़ी कार्रवाई।

rktvnews

भोजपुर:हाई टेक क्रिकेट अकादमी, करमन टोला क्रिकेट क्लब को 9 विकेट से हराया।

rktvnews

सीआईआई के साथ साझेदारी में एयूआरआईसी में 20,000 वर्ग फुट में कौशल विकास केंद्र की स्थापना की जाएगी; अगले सप्ताह समझौता ज्ञापन की उम्मीद: सचिव, डीपीआईआईटी

rktvnews

स्कूल रूआर 2023 को लेकर जिला स्तरीय एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित।

rktvnews

Leave a Comment