
शाहपुर/भोजपुर (राकेश मंगल सिन्हा) 12 मार्च। भोजपुर जिला के शाहपुर नगर पंचायत की उप मुख्य पार्षद एवं दो अन्य पार्षद सहित तीन ने नगर पंचायत की बैठक का बहिष्कार किया। उप मुख्य पार्षद झुनिया देवी ने नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी को एक लिखित आवेदन दिया जिसमें पिछले वितीय वर्ष 2023-24 एवं इस वित्तीय वर्ष 2024-25 के बजट का पूरा विवरण उपलब्ध कराने के पश्चात ही बजट पर चर्चा करने हेतू बैठक बुलाने के संबंध में लिखा है। इस आवेदन की एक प्रति कार्यालय में अपराहन 2:00 बजे रिसीव कराई गई है। उप मुख्य पार्षद झुनिया देवी ने आवेदन में लिखा है कि वित्तीय वर्ष 2024-25 के बजट के संबंध में कहा गया है कि मुख्य पार्षद, उप मुख्य पार्षद, कार्यपालक पदाधिकारी एवं आम नागरिकों के सुझाव पर यह बजट तैयार किया गया है जबकि मुझे इस बजट के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। पिछले वित्तीय वर्ष के बजट और इस वित्तीय वर्ष के बजट का पूरा विवरण लिखित रूप से उपलब्ध कराने के बाद ही अगली तिथि निर्धारित कर बजट पर चर्चा की जाय। दोनों वर्ष के बजट के संबंध में लिखित जानकारी के अभाव मे बजट पर चर्चा करना संभव नहीं है।

