बिहार को विशेष राज्य का दर्जा क्यों नहीं : तेजस्वी
बिहार है देश का राजनीतिक नब्ज सेंटर : राहुल
2024 में संविधान मंथन : अखिलेश
पटना/बिहार (राकेश मंगल सिन्हा) 3 मार्च। पटना स्थित गांधी मैदान में आयोजित जन विश्वास महारैली मे जनसैलाब उमङ पड़ा। गांधी मैदान से लेकर गांधी मैदान के आसपास पटना के विभिन्न सड़कों पर लोगों का हुजुम दिख रहा था। बेली रोड (जवाहरलाल नेहरू मार्ग), गार्डनर रोड, इनकम टैक्स चौराहा, डाकबंगला चौराहा से लेकर गांधी मैदान को जाने वाली विभिन्न सड़कों पर अपनी-अपनी पार्टी का झंडा लिए पार्टी के समर्थकों और लोगों की भीड़ उमङ पङी थी।
जिधर देखिए उधर लोगों की भीड़ ही भीङ दिख रही थी। हाथी, घोड़ों, ऊॅट तथा बैंड-बाजे के साथ नाचते-गाते और जय जयकार करते लोगों का हुजूम। विभिन्न सड़कों पर कतार में खड़ी झंडा लगी गाड़ियाॅ और बसें। राजद, कांग्रेस और कम्युनिस्ट पार्टी के झंडों से पटा रहा पटना।
यह नजारा था राजधानी पटना और पटना के सड़कों का। गांधी मैदान और उसके आसपास की सङकें तो पूरी तरह पैक थीं।
गांधी मैदान में अपार जनसमूह को संबोधित करते हुए राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने कहा कि हमने लोगों को ताकत दी। पहले दलित को कुआँ से पानी नहीं भरने दिया जाता था।
दलितों और गरीबों को वोट देने से रोका जाता था। हमने उनका हौसला बढ़ाया। जातियों का सम्मेलन करवाया। मंडल कमीशन से पिछड़ों की आवाज बुलंद हुई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश में नफरत फैला रहे हैं।
वे परिवारवाद पर बोलते हैं। उन्होंने कहा कि मोदी को परिवार से दिक्कत क्यों है। देश की जनसंख्या परिवार से ही है। महिलाएं परिवार की हिस्सा हैं। परिवार की ही बेटी ने किडनी देकर जीवन दान दिया। उन्होंने सवालिया लहजे में पूछा कि मोदी बतायें कि उनको संतान क्यों नहीं है। उन्होंने कहा कि माॅ के मरने पर मोदी ने अपना बाल और दाढ़ी भी नहीं छिलवाया।
उन्होंने कहा कि हिंदू नहीं है पीएम मोदी। उन्होंने कहा कि नीतीश का शरीर अब काम नहीं कर रहा है। नीतीश कुमार ने बार-बार दल बदल कर शर्मनाक काम किया है। उन्होंने लोगों से कहा कि तेजस्वी जनता के लिए हमेशा सक्रिय और तत्पर हैं।
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी परिवारवाद पर कटाक्ष करते हैं। बिहार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मंच पर रामविलास पासवान के भाई और भतीजा दोनों उपस्थित थे। सम्राट चौधरी को उप मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के पुत्र को मंत्री बनाने पर उन्होंने सवालिया लहजे में पूछा कि क्या यह परिवारवाद नहीं है। उन्होंने कहा कि बीजेपी वाले विधायकों की खरीद फरोख्त और तोड़फोड़ करते हैं। पर वे जनता को नहीं खरीद सकते हैं। इसका जवाब जनता चुनाव में देगी। उन्होंने बीजेपी को वाशिंग मशीन और डस्टबिन वाली पार्टी की संज्ञा दी। उन्होंने भाजपा वालों को झूठ बोलने का होलसेलर और रिटेलर बताया। उन्होंने कहा कि बिहार ने एनडीए को 39 सांसद दिया। बिहार को विशेष राज्य का दर्जा क्यों नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि हमने 10 लाख लोगों को रोजगार देने का वादा किया था और मात्र 17 महीने की सरकार में हमने 5 लाख सरकारी नौकरी दिलाने का काम किया। उन्होंने भाजपा हटाओ देश बचाओ का नारा दिया।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार देश का राजनीतिक नब्ज सेंटर है। यहीं से राजनीतिक बदलाव की शुरुआत होती है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार संविधान में बदलाव करना चाहती है। देश में विचारधारा की लड़ाई है। हम लोग बीजेपी और आरएसएस से डरने वाले नहीं बल्कि देश के लिए लड़ने वाले हैं। उन्होंने कहा कि महंगाई तथा बेरोजगारी चरम पर है और 40 साल में सबसे ज्यादा बेरोजगारी अभी है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने अपने मित्र उद्योगपतियों का 16 लाख करोड़ रूपया माफ कर दिया जबकि किसानों और मजदूरों का कर्ज माफ नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पब्लिक सेक्टर को बेच रही है जहाॅ कितने ही गरीब लोग नौकरी करते थे जिससे उनका जीविकोपार्जन होता था। उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर युवाओं, बेरोजगारों, किसानों और गरीबों के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने कहा कि 2024 में संविधान का मंथन होना है। एक तरफ संविधान के रक्षक हैं तो दूसरी तरफ संविधान के भक्षक। उन्होंने लोगों से उत्तर प्रदेश और बिहार की 120 सीटों पर इंडिया गठबंधन को विजयी बनाने की अपील की।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी नेता सीताराम येचुरी ने कहा कि पटना का गांधी मैदान इतिहास रचता है। जब पाटलिपुत्र में बदलाव होता है तो इंद्रप्रस्थ में भी बदलाव होता है। समुद्र मंथन की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि अमृत कलश दानवों के हाथ में आ गया है जिसे देवताओं के हाथ में लाना है। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी नेता दीपांकर भट्टाचार्य ने मोदी सरकार की आलोचना करते हुए लोगों से इसे उखाड़ फेंकने की अपील की। कम्युनिस्ट पार्टी नेता डी राजा ने मोदी सरकार पर महंगाई एवं बेरोजगारी बढाने तथा अर्थव्यवस्था को बर्बाद करने का आरोप लगाते हुए उसे हटाने की अपील की। मंच संचालन राजद के राज्यसभा सांसद संतोष झा ने किया।

