पटना/बिहार (राकेश मंगल सिन्हा) 5 जनवरी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 1, अणे मार्ग स्थित “संकल्प” में पंचायती राज विभाग की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया।
बैठक में पंचायती राज विभाग के अपर मुख्य सचिव मिहिर कुमार सिंह ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि कुल 8053 पंचायतों में से 1447 में पंचायत सरकार भवनों का निर्माण पूर्ण हो गया है, 789 पंचायत सरकार भवन निर्माणाधीन हैं और 2000 पंचायत सरकार भवनों के निर्माण की स्वीकृति हो चुकी है। 2165 पंचायत सरकार भवनों के लिए भूमि चिन्हित कर ली गई है तथा शेष 1652 पंचायत सरकार भवनों के लिए भूमि चिन्हित करना बाकी है। उन्होंने मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना की प्रगति की भी अद्यतन जानकारी दी।
बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि जिन पंचायत सरकार भवनों के लिए भूमि चिन्हित कर ली गई है, उनका निर्माण कार्य जल्द शुरू करें। जिन पंचायत सरकार भवनों के लिए अभी भूमि चिन्हित नहीं की गई है वहां जल्द से जल्द भूमि चिन्हित करें। बचे हुए पंचायत सरकार भवनों का निर्माण कार्य तेजी से पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि पंचायतों को इज्जत और प्रतिष्ठा देने के लिए हमने इसका नामकरण पंचायत सरकार भवन किया। पंचायत सरकार भवन में सभी प्रकार की सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं ताकि एक ही जगह पर उस पंचायत के लोगों की समस्याओं का समाधान हो सके। उन्होंने कहा कि पंचायत सरकार भवन की छत पर सोलर प्लेट जरूर लगवायें।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि गरीब राज्य होते हुए भी हम लोगों ने पंचायतों के लिए जितना काम किया है उतना देश में कहीं नहीं हुआ है। गाँवों को विकसित करने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। सात निश्चय योजना 2 के अंतर्गत मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना की शुरुआत की गई है। इसके तहत पंचायत के सभी वार्डों में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाई जा रही है। उन्होंने सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने का काम तेजी से पूर्ण करने को कहा। उन्होंने कहा कि सोलर स्ट्रीट लाइट लगने से रात में रोशनी मिलेगी और बिजली की भी बचत होगी। गाँव के रास्ते और महत्वपूर्ण स्थान सोलर लाइट से रौशन होंगे। इससे गाँव की तस्वीर बदलेगी। उन्होंने सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने के साथ-साथ उसके रखरखाव एवं सतत निगरानी की बेहतर व्यवस्था करने को कहा।
बैठक में वित्त, वाणिज्य कर एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, पंचायती राज मंत्री मुरारी प्रसाद गौतम, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार एवं डॉ एस सिद्धार्थ, मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, पंचायती राज विभाग के अपर मुख्य सचिव मिहिर कुमार सिंह, वित्त विभाग के प्रधान सचिव अरविंद कुमार चौधरी, ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव संजीव हंस, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि, पंचायती राज विभाग के निदेशक आनंद शर्मा, साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक महेंद्र कुमार सहित अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

