पटना/बिहार (राकेश मंगल सिन्हा) 16 दिसम्बर। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल के पुनर्विकास कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल के निर्माणाधीन कार्य और मास्टर प्लान के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्माणाधीन कार्यों को तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया।
इसके पश्चात कॉन्फ्रेंस हॉल में प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मुख्यमंत्री को पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल के रीडेवलपमेंट प्रोजेक्ट वर्क की प्रगति के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। 48 एकड़ में फैले पीएमसीएच के पुनर्विकास कार्य को तेजी से करने की बात कही गई। यह अस्पताल 5462 बेड का बनेगा। इसका निर्माण कार्य तीन फेज में कराया जा रहा है। पहले फेज का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। प्रथम फेज में 2073 बेड का निर्माण कार्य जल्द ही पूर्ण हो जायेगा। उसके बाद दूसरे तथा तीसरे फेज का निर्माण कार्य शुरू होगा।
बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल को विश्व स्तरीय अस्पताल बनाया जा रहा है जिसमें मरीजों को बेहतर ढंग की आधुनिक तकनीक से युक्त इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जायेगी। यहाॅ कार्य करने वाले चिकित्सकों से लेकर कर्मियों तक के लिए आवास का निर्माण कराया जा रहा है। साथ ही पढ़ने वाले छात्र एवं छात्राओं के रहने के लिए भी बेहतर ढंग से छात्रावास का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने निर्देश देते हुए कहा कि पहले फेज का निर्माण कार्य पूर्ण होते ही दूसरे और तीसरे फेज का निर्माण कार्य भी तेजी से पूर्ण करें। उन्होंने पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल का जेपी गंगा पथ और अशोक राजपथ से बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने को कहा ताकि मरीजों और उनके परिजनों को पीएमसीएच पहुॅचने में कम समय लगे और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अशोक राजपथ पर बना रहे डबल डेकर पुल का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को तेजी से निर्माण कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पाटलि पथ पर रुके। उन्होंने अधिकारियों को पाटलि पथ और नेहरू पथ के बीच सीधा संपर्क बनाने की योजना पर काम करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, स्वास्थ्य, पथ निर्माण तथा आपदा प्रबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अभय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल के अधीक्षक डॉ आईएस ठाकुर, जिलाधिकारी डॉ चंद्रशेखर सिंह, वरीय पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्रा सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

