
RKTV NEWS/आरा(भोजपुर )4 अक्टूबर। स्थानीय पटेल बस पड़ाव परिसर स्थित भिखारी ठाकुर सांस्कृतिक मंच पर दिसम्बर माह में आयोजित होने वाले लोक कलाकार भिखारी ठाकुर की जयंती समारोह की तैयारियों को लेकर शनिवार को एक बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता शिक्षक धनंजय कुमार ने की, जबकि संचालन वरिष्ठ पत्रकार एवं शोध संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह ने किया। बैठक की जानकारी देते हुए आयोजन सचिव डा. रवि प्रकाश सूरज ने बताया कि भिखारी ठाकुर सामाजिक शोध संस्थान का यह रजत जयंती वर्ष है। इस अवसर पर इस वर्ष के वार्षिक समारोह का नाम ‘लोकरस रंग-सह-सम्मान समारोह-2026’ रखा गया है। यह समारोह 15 से 18 दिसम्बर तक प्रस्तावित है। बैठक में नन्द किशोर राम, शिक्षक मुन्ना, सरफराज अहमद, कृष्ण प्रताप सिंह उर्फ पप्पू सिंह, व्यास कमलेश पासवान, वरिष्ठ रंगकर्मी डा. अनिल कुमार सिंह, आलोक कुमार सिंह, अम्बुज कुमार, सर्वजीत कुमार सहित अन्य सदस्यों ने तैयारियों को लेकर विचार-विमर्श किया। संस्थापक अध्यक्ष ने बताया कि समारोह के लिए प्रकाशित होने वाली स्मारिका के लिए बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से दर्जनों आलेख प्राप्त हो चुके हैं। वहीं ‘लोहा सिंह’ और भिखारी ठाकुर के नाटकों के मंचन के लिए कलाकारों का चयन किया जा रहा है और बाहर के कलाकारों से भी संपर्क किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विलुप्त हो रही भोजपुरी संस्कृति, संस्कार और मातृभाषा को संरक्षित व संवर्धित करना है। बैठक से पूर्व भिखारी ठाकुर, बाबू लल्लन जी और उस्ताद बिस्मिल्ला खां की प्रतिमा पर सभी सदस्यों ने माल्यार्पण किया। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से भी संपर्क किया गया है।
