गढवा /झारखंड 07 नवंबर ।उपायुक्त गढ़वा, शेखर जमुआर ने आज समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में जनता दरबार का आयोजन किया। जनता दरबार में आए फरियादियों की समस्याएं बारी-बारी से सुनी गई एवं उसके निष्पादन हेतु उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया। आज के जनता दरबार में भूमि विवाद, अवैध कब्जा, राशन, आवास, मुआवजा समेत अन्य समस्याओं को लेकर उपस्थित हुए ग्रामीणों की बारी-बारी से उपायुक्त द्वारा समस्या सुनी गई एवं यथाशीघ्र उनके समस्याओं के निराकरण करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को निदेशित किया गया।
सर्वप्रथम बिशुनपुरा प्रखंड के पिपरी खुर्द निवासी मीना देवी, पति राम सिंह ने जन वितरण प्रणाली राशन डीलर द्वारा ससमय राशन वितरण नहीं करने के संबंध में आवेदन दिया, मामले में उपायुक्त ने जांच एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु जिला आपूर्ति पदाधिकारी को निर्देशित किया। खरौंधी प्रखंड के ग्राम बैतरा निवासी उमाशंकर राम ने आवेदन समर्पित करते हुए बताया कि उनके निवास स्थान में लगा सरकारी चापाकल में कुछ लोगों द्वारा सबमर्सिबल पंप लगाकर निजी इस्तेमाल किया जा रहा है, मामले में जांच एवं अमावस्या कार्रवाई हेतु अनुमंडल पदाधिकारी श्री बंशीधर नगर को निर्देशित किया गया। गढ़वा प्रखंड के मरहटिया निवासियों द्वारा शिकायत किया गया कि उनके निवास स्थान पर पुस्तकालय भवन का निर्माण किया जाना था परंतु कुछ लोगों द्वारा भवन निर्माण कर उसे निजी उपयोग में लाया जा रहा है। उपयुक्त ने मामले की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु उप विकास आयुक्त कार्यालय को निर्देशित किया। गढ़वा प्रखंड के ग्राम परिहारा निवासी सत्यम कुमार, पिता अवधेश चौहान ने अपने राशन कार्ड में परिवार के अन्य सदस्यों का नाम जोड़ने के संबंध में आवेदन दिया, मामले में आवश्यक कार्रवाई हेतु जिला आपूर्ति पदाधिकारी को निर्देशित किया गया। इस प्रकार बारी बारी से लोगों ने विभिन्न प्रकार की समस्याओं को पदाधिकारी के समक्ष रखा। आमजनों से प्राप्त शिकायतों का समाधान हेतु संबंधित पदाधिकारीयों को आवश्यक कार्रवाई हेतु को निर्देशित किया गया।

