पटना/बिहार (राकेश मंगल सिन्हा) 10 अक्टूबर। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 4 देशरत्न मार्ग स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय परिसर में आयोजित “जनता के दरबार में मुख्यमंत्री” कार्यक्रम में शामिल हुए। जनता दरबार कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचे 76 लोगों की समस्याओं को सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को समाधान के लिए समुचित कार्रवाई के निर्देश दिए।
“जनता के दरबार में मुख्यमंत्री” कार्यक्रम में सामान्य प्रशासन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, समाज कल्याण विभाग, पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, वित्त विभाग, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, सूचना प्रौद्योगिकी विभाग, कला संस्कृति एवं युवा विभाग, श्रम संसाधन विभाग तथा आपदा प्रबंधन विभाग से संबंधित मामलों पर सुनवाई हुई।
जनता दरबार में मधुबनी जिला से आए मुन्ना पासवान ने फरियाद करते हुए कहा कि मेरे पिता की मृत्यु के उपरांत उनके द्वारा लिए गए बैंक ऋण नहीं लौटा पाने के कारण बैंक द्वारा काफी प्रताड़ित किया जा रहा है। मुझे इससे राहत दिलाई जाय। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभाग को समुचित कार्रवाई का निर्देश दिया।
जमुई जिला से आए मुकेश कुमार ने कहा कि बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना अंतर्गत मिलने वाली मुझे द्वितीय किस्त की राशि नहीं मिल पाई है। मैं कृष्ण महाविद्यालय सिकंदरा में बीसीए का छात्र हूँ म। कृपया मुझे राशि उपलब्ध कराई जाय। मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग को समुचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया
सारन जिला से आये दिव्यांग नवीन प्रसाद ने कहा कि दिव्यांग जनों को मिलने वाली बैटरी चालित ट्राई साइकिल मुझे उपलब्ध कराई जाए ताकि मुझे सहूलियत हो सके। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समाज कल्याण विभाग को समुचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
मुजफ्फरपुर जिला से आए एक पिता ने कहा कि मेरी बेटी किरण कुमारी को मुख्यमंत्री बालिका (स्नातक) प्रोत्साहन योजना का लाभ अभी तक नहीं मिला है। आवेदन किए हुए 3 वर्ष बीत गए हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शिक्षा विभाग को समुचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बेगूसराय जिला से आए नागेश्वर रजक ने कहा कि मर्डर केस में अभियुक्तों के साथ सांठ-गांठ कर पुलिस पदाधिकारी द्वारा केस उठाने के संबंध में मुझ पर दबाव बनाया जा रहा है। कृपा कर मुझे पुलिस से न्यायपूर्ण सहयोग दिलाया जाय। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभाग को समुचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
किशनगंज जिला से आए मो मंजर आलम ने कहा कि मैं आर्थिक रूप से अक्षम व्यक्ति हूॅ। हृदय की बीमारी के इलाज हेतु मुझे आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाय। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभाग को समुचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
भागलपुर से आए एक व्यक्ति ने कहा कि मेरे परिजन की कोरोना से मृत्यु हो गई थी। लेकिन अब तक मान्य सहायता राशि प्राप्त नहीं हो सकी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने संबंधित विभाग को समुचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
खगड़िया जिला से आए एक फरियादी में मुख्यमंत्री से कहा कि मुझे अप्रैल 2019 से मई 2021 तक मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना का बकाया राशि नहीं मिल पाया है। मुख्यमंत्री में समाज कल्याण विभाग को समुचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जनता दरबार में वित्त, वाणिज्य कर एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर, समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी, पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री अनीता देवी, कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री जितेंद्र कुमार राय, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री सुमित कुमार सिंह, सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री मो इसराइल मंसूरी, श्रम संसाधन मंत्री सुरेंद्र राम, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री रत्नेश सदा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, पुलिस महानिदेशक आरएस भट्टी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ एस सिद्धार्थ, संबंधित विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, सचिव, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह और वरीय पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्रा उपस्थित थे।
previous post
