गढवा/झारखंड 15 सितंबर।आज प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के बैनर तले “चलो करें आवास पूरा” अभियान के तहत उपायुक्त शेखर जमुआर की अध्यक्षता में समाहरणालय के सभा कक्ष में एक बैठक आहूत की गई। उक्त बैठक में उप विकास आयुक्त राजेश कुमार राय, जिला परिषद अध्यक्ष शांति देवी, उपाध्यक्ष सत्यनारायण यादव तथा जिला परिषद के अन्य सदस्यों समेत प्रखंड प्रमुख, उप प्रमुख, प्रखंड समन्वयक (आवास) एवं इसमें संलग्न अन्य कर्मी के अतिरिक्त वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी उपस्थित रहें। आज के इस बैठक का मुख्य थीम “अब न रहे कोई आवास अधूरा चलो करें आवास पूरा” है, जिसके तहत अभियान चलाकर दिनांक 15 सितंबर 2023 से 10 अक्टूबर 2023 तक अधूरे पड़े आवास निर्माण का कार्य पूर्ण करना है। उप विकास आयुक्त श्री राय द्वारा बताया गया कि यह एक सरकार की महत्वकांक्षी योजना है, जिसे हम सभी को व्यक्तिगत रुचि लेते हुए आपसी सहयोग से पूर्ण करने की जिम्मेदारी है। उनके द्वारा उपस्थित सभी लोगों को इस योजना के तहत आवास निर्माण कार्य पूर्ण करने को लेकर किये जाने वाले गतिविधियों के कार्यान्वन की विभिन्न प्रक्रियाएं बताई गई। उन्होंने कहा कि 120000 आवास निर्माण के प्राप्त लक्ष्य के विरुद्ध अब मात्र 6000 आवास निर्माण कार्य लंबित है जिसे पूरा किया जाना अतिआवश्यक है। उन्होंने उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों एवं भीसी के माध्यम से जुड़े प्रखंड विकास पदाधिकारी से आवास निर्माण के लिए विभिन्न विकल्प के जरिए कार्य को सरलता से सफल करने की बात बताइ। उन्होंने कहा कि सबसे पहले आप सभी जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों को यह सुनिश्चित करना है कि मस्टर रोल के द्वारा मजदूरी का भुगतान हुआ है अथवा नहीं। यदि कोई अत्यंत गरीब लाभुक है तो जनप्रतिनिधि स्वयं आगे आते हुए उनके आवास निर्माण में होने वाले मैटेरियल्स उपलब्ध कराने के हर संभव प्रयास करें, ताकि किसी गरीब का पक्का आवास का सपना पूर्ण हो सके। उन्होंने कहा कि आवास पूर्ण करने को लेकर यदि लाभुकों के पास अतिरिक्त पैसे की आवश्यकता पड़ती हो तो इसके लिए जेएसएलपीएस को निर्देशित किया गया है, जिनसे संबंधित पदाधिकारी अथवा जनप्रतिनिधि जेएसएलपीएस के माध्यम से लाभुकों को ऋण उपलब्ध कराते हुए जल्द से जल्द अधूरे आवास निर्माण के कार्य को पूर्ण कराएं। उन्होंने वर्चुअल रूप से जुड़े प्रखंड विकास पदाधिकारियों को प्रत्येक बृहस्पतिवार को सभी क्षेत्रीय पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों के साथ क्षेत्र भ्रमण कर इसके निर्माण कार्य की समीक्षा एवं निरीक्षण करने की बात कही ताकि आवास निर्माण का कार्य ससमय पूर्ण कराया जा सके। इसके अतिरिक्त उन्होंने कहा कि इस योजना के सफल संचालन हेतु प्रत्येक प्रखंड विकास पदाधिकारी अपने-अपने प्रखंडों में संबंधित जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित कर कार्य योजना बनाना सुनिश्चित करें। जिला परिषद उपाध्यक्ष सत्यनारायण यादव द्वारा सरकार के द्वारा जिले में आवास पूर्ण कराने को लेकर प्राप्त लक्ष्य की प्राप्ति हेतु सभी स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित पदाधिकारियों से आपसी सहयोग की भावना से अपनी-अपनी भूमिका निभाते हुए कार्य पूर्ण कराने की अपील की गई। बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त श्री राय के द्वारा जानकारी दी गई कि इस कार्य को पूर्ण करने हेतु सभी जनप्रतिनिधियों तथा पदाधिकारियों को उनके जिम्मे कुछ ना कुछ आवास पूर्ण कराने का जिम्मा दिया गया है, जिसकी प्रति सभी को उपलब्ध करा दी जाएगी। साथ ही बताया कि जिस प्रखंड या पंचायत का कार्य प्रदर्शन सर्वश्रेष्ठ होगा, उन्हें जिले में कार्यक्रम आयोजित करते हुए सम्मानित करने का कार्य किया जाएगा। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं प्रखंड विकास पदाधिकारियों द्वारा भी इस कार्य को सफलता के साथ पूर्ण करने को लेकर विचार विमर्श किए गए, जिसके दौरान कुछ समस्याएं बताई गई। उपायुक्त शेखर जमुआर द्वारा बताया गया कि तमाम मुश्किलें हैं परंतु पदाधिकारी या जनप्रतिनिधि लोगों की सेवा के लिए ही होते हैं। उन्होंने कहा कि जो जिम्मेवारी प्रखंड स्तर के पदाधिकारी को पहले दी जाती थी, उसमें अब जनप्रतिनिधियों की भी सहभागिता सुनिश्चित की गई है। उन्होंने उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों से कार्य में सहयोग करने की अपील की एवं पदाधिकारियों को निदेशित किया। उन्होंने कहा कि दिए गए लक्ष्य की पूर्ति जब तक नहीं होगी तब तक अन्य योग्य लाभुकों के लिए नए आवास निर्माण हेतु लक्ष्य प्राप्त नहीं होगा और न ही अतिरिक्त राशि उपलब्ध कराई जा सकेगी। दिनांक 15 सितंबर 2023 से 10 अक्टूबर 2023 तक चलने वाले आवास निर्माण अभियान के तहत सभी से आपसी सहयोग की भावना अपनाते हुए कार्य करने एवं लाभुकों को अपने-अपने आवास निर्माण कार्य पूर्ण करने को लेकर जागरूक करने की अपील की गई।
