लोकरस रंग सह सम्मान समारोह में सहभागिता के लिए विद्यालयों से होगा संपर्क।
RKTV NEWS/आरा (भोजपुर)17 नवंबर।भिखारी ठाकुर सामाजिक शोध संस्थान आरा के सदस्यों की बैठक आज भिखारी ठाकुर सांस्कृतिक मंच, पटेल बस पड़ाव पर संपन्न हुई जिसमें विद्यालय के छात्रों के लिए भोजपुरी चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित कराने का निर्णय हुआ। आगामी 15 दिसंबर से 18 दिसंबर तक प्रस्तावित रजत जयंती लोकरस रंग सह सम्मान समारोह में विद्यालय के छात्रों के बीच भोजपुरी भाषा संस्कृति से परिचित कराने के उद्देश्य से कई तरह के कार्यक्रम आयोजित होंगे। वरिष्ठ रंगकर्मी और सिने जगत से जुड़े स्वामी नरेंद्र राधेय उर्फ बबुआ जी की अध्यक्षता में आयोजित आज की बैठक में सर्वसम्मति से विद्यालयों से संपर्क और तेज करने तथा उनसे छात्रों की सहभागिता बढ़ाने की अपील पर सहमति बनी। भोजपुरी चित्रकला प्रतियोगिता का संयोजन कला शिक्षक एवं लेखक रौशन राय और रंगकर्मी डॉ अनिल कुमार सिंह करेंगे। आज की बैठक में ‘ लोहा सिंह ‘ नाटक के मंचन पर विमर्श हुआ और अंतिम रूप से कलाकारों का चयन सम्पन्न हुआ। इसका निर्देशन वरिष्ठ रंगकर्मी अंबुज कुमार और संगीत संयोजन व्यास कमलेश पासवान करेंगे। भोजपुरी भाषा संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से समारोह में एक परिचर्चा आयोजित कराई जाएगी जिसमें भोजपुरी साहित्य एवं अन्य विधाओं से जुड़े पूरे देश से कई विद्वान हिस्सा लेंगे। आज की बैठक का संचालन संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष वरिष्ठ पत्रकार नरेंद्र कुमार सिंह ने किया। बैठक में उपस्थित सदस्यों आयोजन सचिव रवि प्रकाश सूरज, सह सचिव आलोक कुमार सिंह के साथ चंद्रभूषण पांडेय, विजय कुमार सिंह, गाँधी जी, रामसुख राय, अंबुज कुमार, रौशन राय, ओम प्रकाश पाण्डेय, डॉ अनिल कुमार सिंह, व्यास कमलेश पासवान, नंदकिशोर राम ने सभी जनप्रतिनिधियों और सुधिजनों से समारोह को सफल बनाने के लिए हरसंभव सहयोग करने की अपील की।

