
भोपाल/मध्यप्रदेश (मनोज कुमार प्रसाद) 2 अक्टूबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती के अवसर पर जनता दल (यू) मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष सूरज जायसवाल ने पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ गांधीजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर महात्मा गांधी और लालबहादुर शास्त्री के विचारों एवं देश के प्रति उनके योगदान को स्मरण किया गया।
कार्यक्रम में महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सामाजिक सद्भाव के आदर्शों को आत्मसात करने तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया। वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री के धैर्य, साहस, सादगी और राष्ट्रसेवा के योगदान को भी याद किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष सूरज जायसवाल ने प्रदेशवासियों को गांधी जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महात्मा गांधी के विचार आज भी समाज को सकारात्मक दिशा देने में प्रासंगिक हैं। उन्होंने मध्यप्रदेश को शराब एवं नशामुक्त बनाने तथा स्वच्छ, जागरूक और जिम्मेदार समाज के निर्माण के लिए सामाजिक सहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि गांधीजी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सामाजिक जागरूकता के अभियानों को निरंतर आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। जनता दल (यू) मध्यप्रदेश सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों को लेकर जागरूकता अभियान चला रहा है।
श्री जायसवाल ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य नागरिकों को सामाजिक कुरीतियों, नशे की प्रवृत्ति और स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ, संस्कारित एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण में उनकी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना है। जद(यू) महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सामाजिक सद्भाव के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने तथा जागरूक समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर जद(यू) के संगठन मंत्री आलोक कुमार, महासचिव सुरेंद्र त्यागी, महासचिव शोभाल सिंह सिसोदिया, मध्यप्रदेश मीडिया प्रभारी मनोज कुमार प्रसाद, ग्रामीण जिला अध्यक्ष सैयद उरु रहमान, विदिशा जिला अध्यक्ष जाबिल्ला खान, भोपाल शहर जिला अध्यक्ष श्रवण गुप्ता, कार्यालय प्रभारी अयाज अली सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
