
शाहपुर/भोजपुर (राकेश मंगल सिन्हा) 7 सितम्बर। भोजपुर डीएम मनेश कुमार मीणा ने डीडीसी अरुण प्रकाश सहित अन्य पदाधिकारियों के साथ शाहपुर प्रखंड सह अंचल क्षेत्र के बाढ़ग्रस्त क्षेत्र का दौरा किया तथा लोगों की समस्याओं से रूबरू हुए। जिलाधिकारी मनेश कुमार मीणा के साथ डीडीसी अरुण प्रकाश, एसडीओ ओम प्रकाश लाल, बीडीओ शत्रुंजय कुमार सिंह, सीओ आनंद प्रकाश भी थे। जिला पदाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों के साथ मोटरबोट से शाहपुर प्रखंड के बाढग्रस्त क्षेत्र का जायजा लिया। जिलाधिकारी अपनी पूरी टीम के साथ मोटरबोट से श्याम बाबा बांध पहुँचे और वहाॅ लोगों की समस्याओं से रूबरू हुए। उन्होंने लोगों के दुख दर्द को सुना। जिला पदाधिकारी मनेश कुमार मीणा ने बाढ़ राहत के संबंध मे जानकारी ली और पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। जिला पदाधिकारी ने अन्य पदाधिकारियों के साथ गौरा, बहोरनपुर, लच्छू टोला, हरिहरपुर पंचायत के कई गाँवों का भी दौरा किया तथा वस्तु स्थिति की जानकारी ली। जगदीशपुर के एसडीओ ओम प्रकाश लाल ने बताया कि बांध पर कम्युनिटी किचेन चल रहा है। लोगों के आवागमन के लिए नाव की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

लोगों को रहने के लिए प्लास्टिक वितरित किया गया है। चिकित्सकों की टीम द्वारा बीमार लोगों की चिकित्सा की जा रही है तथा दवा वितरित किया जा रहा है। छोटे बच्चों के लिए दूध की मांग विस्थापितों द्वारा करने पर जिला पदाधिकारी मनेश कुमार मीणा ने सीओ आनंद प्रकाश को सुधा डेयरी से दूध उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया। पशुओं के लिए पशु चारा की भी व्यवस्था की गई है।
