
RKTV NEWS/आरा (भोजपुर)03 अप्रैल।भोजपुर जिला पदाधिकारी तनय सुल्तानिया ने ग्राम पंचायत रामपुर सनदियाँ (ग्राम-बभनौली) में किसान श्री भगवान पासवान के खेत में रबी गेहूं फसल कटनी प्रयोग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिला सांख्यिकी पदाधिकारी मदन नारायण सिंह ने बताया कि जिले की हर ग्राम पंचायत में 5 फसल कटनी प्रयोग किए जाते हैं,जिससे पंचायत स्तर पर फसल की औसत उपज दर का आकलन किया जाता है। इन आंकड़ों का उपयोग राज्य और केंद्र सरकार द्वारा बिहार राज्य फसल सहायता योजना जैसी योजनाओं के लाभ किसानों तक पहुँचाने, सकल घरेलू उत्पाद (GDP) के सही आकलन और राष्ट्रीय खाद्य नीति एवं आयात-निर्यात संबंधी नीतियों को तैयार करने में किया जाता है। इस प्रकार, यह प्रयोग किसानों के लिए लाभकारी योजनाओं का आधार बनता है और कृषि क्षेत्र की मजबूती में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
निरीक्षण के दौरान जिला सांख्यिकी पदाधिकारी मदन नारायण सिंह, जिला कृषि पदाधिकारी शत्रुध्न साहु, जिला सहकारिता पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, अवर सांख्यिकी पदाधिकारी मनिन्द्र कुमार, प्रखंड कृषि पदाधिकारी मनोज कुमार चौधरी, प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी सुधीर सागर, किसान सलाहकार अखिलेश कुमार सहित कई अधिकारी और किसान श्री भगवान पासवान उपस्थित रहे।
