‘वेद-प्रचार सप्ताह’ के दौरान बीएस डीएवी ने निकाली वैदिक झाँकी।
RKTV NEWS/ आरा ( भोजपुर)24 अगस्त।आज स्थानीय बीएस डीएवी पब्लिक स्कूल के बच्चों व शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा ‘वेद प्रचार सप्ताह’ के अंतर्गत वैदिक हवन-यज्ञ और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
विदित हो कि आर्य प्रादेशिक प्रतिनिधि सभा, नई दिल्ली व डीएवी पब्लिक स्कूल्स अपने संयुक्त अभियान के रूप में देश भर में ‘श्रावणी पर्व’ के आरंभ होने के साथ हीं 22 अगस्त से 28 अगस्त,26 श्रावणी पूर्णिमा के अंतराल में वैदिक हवन-यज्ञ व वेद प्रचार सप्ताह मना रहे हैं।
इस क्रम में बी एस डीएवी पब्लिक स्कूल, आरा के विद्यार्थियों, अभिभावकों व शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा एक भव्य झाँकी निकाली गई।
झाँकी में विविध वैदिक परिधानों में सुसज्जित छात्र-छात्राओं ने पैदल व विद्यालय के वाहनों पर सवार हो महर्षि दयानंद के संदेशों का जय घोष किया।
वेद की ज्योति जलती रहे, आर्य समाज अमर रहे, गो माता की रक्षा हो -पालन हो, विश्व का कल्याण हो, ओउम का झंडा ऊँचा रहे आदि नारों के जय घोष से नगर के कई क्षेत्र गूंजायमान होते रहे।
प्रात:कालीन प्रार्थना सभा के बाद विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और प्रधानाचार्या नूपुर ठाकुर ने वैदिक ध्वज दिखाकर झाँकी को नगर के लिए आगे बढा़या।
इस दौरान प्रधानाचार्या ने कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वस्तुत: डीएवी आर्य समाज के साथ मिलकर वैदिक लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रतिवद्ध है। हमारा लक्ष्य है कि इस वेद प्रचार कार्यक्रम के माध्यम से अपने बच्चों व परिजनों को श्रेष्ठ जीवन मूल्यों से जोड़ पाएँ।
आज के बदलते समय में मनुष्यता पर लगातार हमले तेज़ हो रहे हैं। आज के भय, भ्रष्टाचार, अपराध युक्त अराजक वातावरण में मनुष्य, प्रकृति व पर्यावरण सभी संकट में हैं। वैदिक चेतना हमें भौतिक आकर्षणों से मुक्त कर सामाजिक, सांस्कृतिक व वैज्ञानिक रूप से समृद्ध करती है। हम ऋषि दयानंद के पथ पर चलकर श्रेष्ठ मनुष्य बन पाएँगे।
प्रधानाचार्या के नेतृत्व में बच्चों की आकर्षक झाँकी विद्यालय से निकलकर बड़ी मठिया और अन्य मार्गों से होते हुए रमना मैदान पहुँची। झाँकी का नेतृत्व आगे-आगे मोटर साइकिल सवार विद्यालय के शिक्षक-शिक्षकेत्तर कर्मी कर रहे थे।
उसके पीछे झंडे-बैनरों से सुस्सजित वाहन और उस पर नारे लगाते, भजन-कृतन करते बच्चे चल रहे थे।
बाइकर्स टीम में वरिष्ठ शिक्षक सुशील कुमार, राजेश कुमार पाण्डेय, आर एस पाण्डेय,शाहजाद आलम, संजय श्रीवास्तव, सुनील मिश्र, अभिमन्यू सिंह, अभिषेक कुमार, सचिन पाठक, विवेक कुमार, कार्यालय कर्मी सत्येंद्र सिंह आदि ने तो वहीं अंजू सिंह, पूनम कुमारी, मनीषा कुमारी, रूपम त्रिपाठी, पी साहू, आदि ने पैदल चलकर झाँकी का नेतृत्व किया।
भजन मंडली में बच्चों के साथ वेद प्रकाश पाठक, विष्णु शंकर ओझा तथा शिवानी कुमारी शामिल रहीं। झाँकी के आकर्षण ने नगरवासियों को वैदिक चेतना से अभिभूत कर दिया।





