
पटना/बिहार (राकेश मंगल सिन्हा) 17 अगस्त। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पटना के फतेहपुर स्थित एसआरपी, कॉलेज के प्रांगण मे स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन उत्साह, हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण मे किया गया। इस अवसर पर कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य लक्ष्मण कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। अपने संबोधन मे प्रभारी प्राचार्य लक्ष्मण कुमार ने स्वतंत्रता सेनानियों एवं राष्ट्रनायकों के त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए कहा कि देश की स्वतंत्रता हमारे महान सेनानियों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों से देश की एकता, अखंडता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करते हुए राष्ट्र निर्माण मे सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। समारोह में उपस्थित पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद राय ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए कहा कि आजादी की रक्षा करना केवल सरकार का ही नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से देशहित मे कार्य करने और राष्ट्र की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया। पूर्व प्राचार्य डॉ वैद्यनाथ सिंह ने कहा कि देश की वास्तविक प्रगति तभी संभव है जब युवा पीढ़ी अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक हो। उन्होंने विद्यार्थियों से ईमानदारी, मेहनत और समर्पण के साथ देश की सेवा करने की अपील की। भारती कुमारी, शबनम कुमारी, प्रदीप कुमार, रामावतार प्रसाद वर्मा, राम नरेश सिंह एवं गुंजन कुमार दास ने भी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने पर जोर दिया। कार्यक्रम का मंच संचालन करते हुए मोहित कुमार ने कहा कि एक मजबूत राष्ट्र का निर्माण केवल सरकार के प्रयासों से नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी और सहभागिता से होता है। हमें जाति, धर्म एवं भाषा से ऊपर उठकर राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करना चाहिए।

अतिथियों का स्वागत करते हुए डॉ. रमाशंकर ने सभी आगंतुकों का हार्दिक अभिनंदन एवं स्वागत किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारे लिए गौरव और आत्मचिंतन का पर्व है। यह दिन हमें उन महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान की याद दिलाता है, जिनके अथक प्रयासों से हमारा देश स्वतंत्र हुआ। धन्यवाद ज्ञापन करते हुए पंकज कुमार ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में उपस्थित सभी सम्मानित अतिथियों, प्रभारी प्राचार्य, शिक्षकगण, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुति एवं कार्यक्रमों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम की भावना को अभिव्यक्त किया। पूरे परिसर में देशभक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। कार्यक्रम को सफल बनाने मे बबीता कुमारी, अर्चना सिन्हा, हरिशंकर, अजीत कुमार, सुधीर कुमार वर्मा, शशि कुमार, मोहित कुमार, रंजीत सिंह, दोलन कुमार सहित अन्य शिक्षकगण, कर्मचारियों एवं अनेकों छात्र-छात्राओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

