RK TV News
खबरें
Breaking News

भोजपुर:जिला पर्यावरण समिति की बैठक में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को प्रभावी बनाने तथा भोजपुर को स्वच्छ एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाने पर दिया गया जोर।

RKTV NEWS/आरा(भोजपुर )05 नवंबर।आज जिला पदाधिकारी, भोजपुर मनेश कुमार मीणा एवं वन प्रमंडल पदाधिकारी, भोजपुर प्रद्युम्न गौरव की संयुक्त अध्यक्षता में जिला पर्यावरण समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों को स्वच्छ, सुंदर एवं कचरा-मुक्त बनाने के उद्देश्य से ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन (Solid and Liquid Waste Management – SLWM) व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान अपशिष्ट के वैज्ञानिक प्रबंधन, कचरे के पृथक्करण, प्रसंस्करण एवं सुरक्षित निस्तारण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में आम नागरिकों के बीच कचरे के स्रोत पर ही पृथक्करण को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। इसके तहत घरों में गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की अपील की गई। गीले कचरे के लिए हरे तथा सूखे कचरे के लिए नीले डस्टबिन के उपयोग को प्रोत्साहित करने की बात कही गई। वहीं, सैनिटरी वेस्ट, दवाइयों एवं अन्य घरेलू खतरनाक कचरे को अलग थैले में सुरक्षित रखकर सफाई कर्मियों को सौंपने की अपील की गई।

एकत्रित गीले कचरे से जैविक खाद तैयार करने के लिए कम्पोस्टिंग पिट एवं विकेंद्रीकृत अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाइयों को सक्रिय करने तथा सूखे कचरे के उचित निस्तारण हेतु मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (MRF) के माध्यम से प्लास्टिक, कागज, कांच एवं धातु जैसे पुनर्चक्रण योग्य पदार्थों को अलग कर संबंधित एजेंसियों तक पहुंचाने पर बल दिया गया।

बैठक में एकल उपयोग प्लास्टिक (Single Use Plastic) पर प्रतिबंध के प्रभावी अनुपालन को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए गए। बाजारों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरी बैग तथा थर्माकोल उत्पादों के उपयोग एवं बिक्री के विरुद्ध नियमित जांच एवं छापेमारी अभियान चलाने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।

इसके अतिरिक्त वार्ड एवं पंचायत स्तर पर नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने, जल-जमाव की समस्या का निराकरण करने तथा कचरा डंपिंग स्थलों की जियो-टैगिंग के माध्यम से निगरानी करने पर चर्चा की गई। आम नागरिकों से नालों एवं खुले स्थानों पर कचरा नहीं फेंकने तथा निर्धारित समय पर सफाई कर्मियों को कचरा उपलब्ध कराने की अपील की गई।

जिला पदाधिकारी ने जिले को स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाने के लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर बल दिया। साथ ही आम नागरिकों, व्यापारिक संगठनों एवं युवाओं से स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करने की अपील की।

बैठक में अपर समाहर्ता, नगर आयुक्त, आरा नगर निगम, जिला मत्स्य पदाधिकारी सहित अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related posts

तेल-डॉलर संबंध और विश्व अर्थव्यवस्था !

rktvnews

पंतनगर विश्वविद्यालय के कुलपति की नियुक्ति को लेकर उत्तराखंड उच्च न्यायालय में याचिका दायर।

rktvnews

दैनिक पञ्चांग: 02 मई 24

rktvnews

जयपुर:12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस राज्यस्तरीय समारोह।

rktvnews

रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह 5 और 6 जून 2023 को नई दिल्ली में अपने अमेरिकी और जर्मन समकक्षों के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे

rktvnews

बागपत:विकास भवन में पेंशन संबंधित लगाया गया कैम्प।

rktvnews

Leave a Comment