
RKTV NEWS/पटना(बिहार )08 जुलाई।उद्योग विभाग, बिहार सरकार द्वारा पीएम गतिशक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान/स्टेट मास्टर प्लान/डिस्ट्रिक्ट मास्टर प्लान के प्रभावी क्रियान्वयन एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों की क्षमता संवर्धन के उद्देश्य से BIRSAC ऑडिटोरियम, तारामंडल, पटना में एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ अमन समीर, निदेशक, एमएसएमई, उद्योग विभाग एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
कार्यक्रम में विजय सिंह, अतिरिक्त निदेशक, BISAG-N, मंजीत कुमार, प्रोजेक्ट डायरेक्टर, BCST/BIRSAC, विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, बिहार सरकार, सुमित कुमार प्रजापति, प्रोजेक्ट मैनेजर, BISAG-N एवं दीप पटेल, सीनियर सॉफ्टवेयर डेवलपर, BISAG-N सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए अमन समीर ने कहा कि पीएम गतिशक्ति भारत में एकीकृत अवसंरचना विकास की दिशा में एक परिवर्तनकारी पहल है, जो परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन, बेहतर समन्वय एवं विकास कार्यों में गति लाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों से इस डिजिटल प्लेटफॉर्म का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विजय सिंह ने पीएम गतिशक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान के विज़न, उद्देश्यों एवं इसकी उपयोगिता पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि यह प्लेटफॉर्म डेटा-आधारित योजना निर्माण, संसाधनों के बेहतर उपयोग तथा विभागों के बीच समन्वित निर्णय प्रक्रिया को सुदृढ़ बनाता है।
तकनीकी सत्र के दौरान सुमित कुमार प्रजापति ने जन परिचय (Jan Parichay) एवं सिंगल साइन-ऑन (SSO) सिस्टम का प्रदर्शन किया। इसके अतिरिक्त प्रतिभागियों को Data Upload Management System (DUMS), बिहार स्टेट मास्टर प्लान पोर्टल, इन्फ्रास्ट्रक्चर एवं सोशल सेक्टर के विभिन्न यूज़-केसेज़ तथा एरिया डेवलपमेंट डिस्ट्रिक्ट मास्टर प्लान (DMP) के व्यावहारिक उपयोग से भी अवगत कराया गया।
यह कार्यशाला BISAG-N, गुजरात तथा BIRSAC, विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, बिहार सरकार के सहयोग से आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों को पीएम गतिशक्ति प्लेटफॉर्म की कार्यप्रणाली, डिजिटल टूल्स एवं समन्वित अवसंरचना नियोजन की प्रक्रियाओं से परिचित कराना था।
