
RKTV NEWS/दुमका ( झारखंड)21 जून।अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अवसर पर इंडोर स्टेडियम में भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वृद्धावस्था के लिए योग” (Yoga for Healthy Ageing)” की थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संगठनों, मीडिया प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से योग को जन-आंदोलन का स्वरूप देने एवं स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त अभिजीत सिन्हा द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। दीप प्रज्वलन के साथ ही उपस्थित लोगों ने स्वस्थ, निरोग एवं सकारात्मक जीवन के निर्माण हेतु योग को अपनाने का संकल्प लिया। इसके उपरांत प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने निर्धारित योग प्रोटोकॉल के अनुरूप विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। कार्यक्रम में ताड़ासन, वृक्षासन, भद्रासन, भुजंगासन, वज्रासन, कपालभाति, अनुलोम-विलोम एवं ध्यान जैसी विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया।
इस अवसर पर उपायुक्त ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मिक संतुलन एवं जीवन में सकारात्मकता का आधार भी है। आज के तनावपूर्ण एवं व्यस्त जीवन में योग की उपयोगिता और अधिक बढ़ गई है। उपायुक्त ने कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक रूप से सुदृढ़, मानसिक रूप से संतुलित एवं सामाजिक रूप से जागरूक बनाता है। योग व्यक्ति को अनुशासन, संयम एवं आत्मविश्वास प्रदान करता है। उन्होंने सभी जिलेवासियों से अपील किया कि वे योग को एक दिवस तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति, स्वस्थ परिवार और स्वस्थ समाज के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है।
इंडोर स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आमजन की सहभागिता देखने को मिली। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के सदस्य, विद्यार्थी, युवा वर्ग एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित थे।
