उद्योग सह खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कंप्यूटराइज्ड रैंडमाइजेशन के माध्यम से किया चयन।
RKTV NEWS/पटना(बिहार)20 मई।मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के दूरदर्शी नेतृत्व में मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 हेतु लाभुकों का चयन कंप्यूटराइज्ड रैंडमाइजेशन प्रक्रिया के माध्यम से किया गया। उद्योग सह खेल मंत्री श्रेयसी सिंह द्वारा चयनित लाभुकों की घोषणा की गई।
योजना के अंतर्गत सूचीबद्ध 74 परियोजनाओं के लिए प्राप्त आवेदनों में से जिलावार निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप Computerized Randomization प्रणाली के माध्यम से कुल 9347 नए आवेदकों का औपबंधिक चयन किया गया। औपबंधिक रूप से चयनित लाभुकों में अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के 2000, अति पिछड़ा वर्ग के 2000, महिला वर्ग के 2000, युवा वर्ग के 2000, अल्पसंख्यक वर्ग के 1247 तथा दिव्यांगजन वर्ग के 100 लाभुक शामिल हैं। इसके अतिरिक्त कोटिवार एवं जिलावार 30 प्रतिशत आवेदनों को प्रतीक्षा सूची में भी रखा जाएगा।
औपबंधिक रूप से चयनित 9347 आवेदनों की स्क्रूटनी के उपरांत आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन के आधार पर अंतिम चयन सूची उद्यमी पोर्टल पर प्रकाशित की जाएगी। अंतिम रूप से चयनित आवेदकों को प्रशिक्षण प्रदान करने के बाद योजना की मार्गदर्शिका के अनुरूप तीन किस्तों में लगभग ₹910.25 करोड़ की परियोजना राशि वितरित की जाएगी।
इस अवसर पर अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री लखेंद्र कुमार रौशन ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्यमी योजना अनुसूचित जाति एवं जनजाति समुदाय के युवाओं के लिए रोजगार एवं आत्मनिर्भरता का सशक्त माध्यम बन रही है।
उद्योग सह खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्यमी योजना राज्य के युवाओं, महिलाओं एवं वंचित वर्गों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बिहार सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि पारदर्शी एवं तकनीक आधारित चयन प्रक्रिया के माध्यम से पात्र लाभुकों को निष्पक्ष अवसर सुनिश्चित किया जा रहा है।
उद्योग विभाग के सचिव सह प्रबंध निदेशक, बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार एवं आईडीए कुंदन कुमार ने कहा कि विभाग द्वारा चयन प्रक्रिया को पूर्णतः पारदर्शी, तकनीक-संचालित एवं जवाबदेह बनाया गया है। उन्होंने बताया कि चयनित लाभुकों को प्रशिक्षण, मार्गदर्शन एवं वित्तीय सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें सफल उद्यमी बनाने की दिशा में व्यापक प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए उद्यमी पोर्टल के माध्यम से 15 फरवरी 2026 से 23 मार्च 2026 तक ऑनलाइन आवेदन प्राप्त किए गए थे। कार्यक्रम में निदेशक (MSME निदेशालय) अमन समीर, निदेशक (हस्तकरघा एवं रेशम निदेशालय) डॉ. विद्यानंद सिंह, निदेशक (उद्योग) मुकुल कुमार गुप्ता सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।

