
RKTV NEWS/नवादा(बिहार)19 नवंबर।जिले के सिरदला प्रखंड अंतर्गत बरदाहा गांव में युवा जोश टीम की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में टीम के संस्थापक एवं पूर्व सैनिक राजेश निराला उर्फ भोली यादव सहित सभी सदस्यों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य समाज में वर्षों से चली आ रही कुप्रथा मृत्यु भोज को समाप्त करने के लिए सामूहिक पहल करना था।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि अब समाज में मृत्यु भोज जैसी कुप्रथा का बहिष्कार किया जाएगा। इसके लिए ‘न खाएंगे, न खिलाएंगे’ का नारा बुलंद करते हुए बरदाहा गांव से जागरूकता अभियान की शुरुआत की जाएगी। इस अभियान को धीरे-धीरे सिरदला प्रखंड सहित जिले के सभी गांवों तक पहुंचाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि किसी परिवार में मृत्यु होने पर पहले से दुखी परिवार पर मृत्यु भोज का आर्थिक बोझ डालना उचित नहीं है। समाज को ऐसी परंपराओं से बाहर निकलकर शिक्षा, जागरूकता और सामाजिक सुधार की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। किसी भी परिवार पर मृत्यु भोज के आयोजन के लिए सामाजिक दबाव नहीं बनाया जाना चाहिए।
युवा जोश टीम के संस्थापक पूर्व सैनिक राजेश निराला उर्फ भोली यादव ने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए युवाओं को आगे आना होगा। बरदाहा से शुरू होने वाली यह पहल जन-जागरूकता अभियान का रूप लेगी। हमारा उद्देश्य किसी की भावना को ठेस पहुंचाना नहीं, बल्कि अनावश्यक आर्थिक बोझ और सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करना है।
इस बैठक में राहुल कुमार, विकास कुमार, दीपक कुमार, जितेंद्र कुमार सहित युवा जोश टीम के सदस्य उपस्थित रहे।
वहीं समाज के वरिष्ठ एवं गणमान्य लोगों में राम जी प्रसाद यादव (डीलर), समाजसेवी सुदर्शन वर्मा, राम लखन सिंह यादव कॉलेज के प्रिंसिपल सुरेंद्र यादव, समाजसेवी भरत यादव, रामदहीन यादव, मंटू कुमार, सिरदला प्रखंड के पूर्व प्रमुख प्रतिनिधि राम बालक चौहान सहित कई बुजुर्ग अभिभावकों एवं ग्रामीणों ने भाग लिया।
मृत्यु भोज जैसी सामाजिक कुप्रथा के बहिष्कार का संकल्प, बरदाहा से शुरू होगा जागरूकता अभियान बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने संकल्प लिया कि मृत्यु भोज के बहिष्कार और सामाजिक जागरूकता का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा तथा इस अभियान में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ा जाएगा। इस नारे के साथ आगे बढ़ना
न खाएंगे, न खिलाएंगे – मृत्यु भोज की कुप्रथा मिटाएंगे।
बदलेगा समाज, जागेगा युवा – यही है युवा जोश टीम का संकल्प।
