
RKTV NEWS/जमशेदपुर ( पूर्वी सिंहभूम)07 मई।उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देशानुसार गुरुवार को जिले के सभी प्रखंडों एवं नगर निकाय क्षेत्रों में संचालित विकास योजनाओं एवं आमजन को उपलब्ध कराई जा रही बुनियादी सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर व्यापक निरीक्षण अभियान संचालित किया गया। इस क्रम में नामित नोडल पदाधिकारियों ने विभिन्न पंचायतों एवं शहरी क्षेत्रों का दौरा कर योजनाओं की प्रगति, सेवा वितरण व्यवस्था तथा लाभुकों को मिल रही सुविधाओं का स्थल निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र, विद्यालय, स्वास्थ्य उपकेंद्र, प्रज्ञा केंद्र, जन वितरण प्रणाली की दुकानें, मनरेगा कार्यस्थल एवं पंचायत भवनों का निरीक्षण कर शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता, सामाजिक सुरक्षा एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली से संबंधित व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई। पदाधिकारियों ने संबंधित कर्मियों से जानकारी प्राप्त करने के साथ-साथ स्थानीय ग्रामीणों एवं लाभुकों से भी संवाद कर योजनाओं की वास्तविक स्थिति जानी।
अभियान के तहत बोड़ाम प्रखंड के लायलम पंचायत, धालभूमगढ़ के कोकपाड़ा पंचायत, घाटशिला के बाघुड़िया पंचायत, मुसाबनी के धोबनी पंचायत, बहरागोड़ा के मुटुरखाम पंचायत, गोलमुरी सह जुगसलाई प्रखंड के बंयागबिल पंचायत, पोटका के तेंतला पंचायत, चाकुलिया के माटियाबांधी पंचायत, डुमरिया के केंदुआ पंचायत एवं गुड़ाबांदा के भालकी पंचायत सहित विभिन्न नगर निकाय क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण अभियान का मुख्य उद्देश्य योजनाओं की जमीनी प्रगति का मूल्यांकन करने के साथ-साथ सेवा वितरण में आ रही व्यावहारिक समस्याओं की पहचान कर उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषाहार वितरण, विद्यालयों में पठन-पाठन की स्थिति, स्वास्थ्य केंद्रों में दवाओं एवं मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता तथा पीडीएस दुकानों में खाद्यान्न वितरण व्यवस्था का विशेष रूप से जायजा लिया गया।
उपायुक्त ने सभी नोडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि निरीक्षण के दौरान चिन्हित कमियों एवं समस्याओं के समाधान हेतु त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
