
शाहपुर/भोजपुर (राकेश मंगल सिन्हा) 12 अप्रैल। भोजपुर जिला के शाहपुर थाना के थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर राजेश मालाकार ने पुलिस बल के साथ सटीक सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र के साहोडीह गाँव से लापता एक किशोरी को 24 घंटे के भीतर पटना स्टेशन से बरामद कर लिया। इस संबंध मे किशोरी के पिता साहोडीह के नंदजी राम द्वारा शाहपुर थाना मे प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। प्राथमिकी दर्ज कराने के 24 घंटे के भीतर ही पुलिस ने किशोरी को बरामद कर एक बड़ी सफलता हासिल की है। बताया जाता है कि घर पर बड़ी बहन द्वारा मोबाइल नहीं देखने देने से नाराज किशोरी घर से गेहूँ चुनने के बहाने निकली और बनाही स्टेशन पर जाकर ट्रेन से बक्सर चली गई। वहाँ पर गंगा किनारे कुछ औरतों ने उसे घर जाने की सलाह दी। किशोरी बक्सर से ट्रेन से आरा पहुँची। रात मे आरा स्टेशन पर किसी के नहीं होने के कारण वो पटना चली गई। थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर राजेश मालाकार को जब इसकी सूचना मिली तो उन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस बल के साथ उक्त किशोरी को सकुशल पटना स्टेशन से बरामद कर लिया।
