
आरा/भोजपुर ( डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा) 31मार्च।भोजपुर जिले के सहार प्रखंड अंतर्गत कन्या मध्य विद्यालय में उत्सवी माहौल को बीच वार्षिक परीक्षाफल का वितरण किया गया। इस अवसर पर 2025-26 सत्र के वर्ग एक से आठवीं तक के छात्र-छात्राओं को वार्षिक परीक्षा का परिणाम अंक पत्र के रूप में वितरित किया गया। साथ ही ‘प्रवेश से प्रगति तक, विद्यालय और अभिभावक साथ साथ’ विषय पर अभिभावक शिक्षक संगोष्ठी का भी आयोजन किया गया। प्रधानाध्यापिका मधु कुमारी के नेतृत्व में कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं द्वारा स्वागत गीत से किया गया। तपश्चात सभी छात्र – छात्राओं को प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी कुमार गौरव के हाथों अंक पत्र वितरित किया गया। तत्पश्चात वर्ग एक से आठ वर्ग में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मेडल देकर पुरस्कृत किया गया। वही विद्यालय में इस वर्ष सबसे अधिक नंबर प्राप्त करने वाले प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान वाले को ट्रॉफी देकर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी कुमार गौरव ने पुरस्कृत किया। इस दौरान प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने अंक पत्र और पुरस्कार वितरण करते हुए कहा कि वार्षिक परीक्षा विद्यार्थियों के समग्र मूल्यांकन का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि परीक्षा के अंक केवल एक पड़ाव हैं, असली लक्ष्य ज्ञान अर्जन और निरंतर सीखना होना चाहिए।
वही प्रधानाध्यापिका मधु कुमारी ने बताया कि संगोष्ठी का उद्देश्य बच्चों की शैक्षणिक प्रगति में विद्यालय और अभिभावकों की संयुक्त भूमिका को सशक्त बनाना था।
मौके पर बीआरपी रविन्द्र कुमार, शिक्षकों में लाल बाबू पंडित, तारा अफरीन, नागेन्द्र कुमार, सुमित्रा, स्मृति, मनोज कुमार, जुनैद अख्तर, मनीष कुमार, यासमीन बानो, फरहाना परवीन समेत काफी संख्या में अभिभावकगण मौजूद थे।


