
RKTV NEWS/पटना (बिहार)20 मार्च।बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार (BIADA) ने राज्य के सभी पात्र औद्योगिक आवंटियों से एमनेस्टी पॉलिसी 2025 का लाभ उठाने हेतु शीघ्र आवेदन करने की अपील की है। प्राधिकार ने स्पष्ट किया है कि “BIADA एमनेस्टी पॉलिसी, 2025” के तहत आवेदन की अंतिम तिथि 31 मार्च, 2026 निर्धारित है। यह नीति बंद पड़ी एवं रद्द की गई औद्योगिक इकाइयों को पुनर्जीवित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती है।
यह नीति उन सभी आवंटियों के लिए लागू होगी जो स्वेच्छा से इसमें सम्मिलित होकर निर्धारित लाभ प्राप्त करना चाहते हैं। इस नीति का उद्देश्य औद्योगिक भूखण्डों पर लंबित विवादों और मुकदमों को समाप्त करना, भूमि के प्रभावी उपयोग को सुनिश्चित करना तथा बंद पड़ी इकाइयों को पुनर्जीवित कर औद्योगिकीकरण की प्रक्रिया को गति देना है।
उद्योग विभाग के सचिव सह प्रबंध निदेशक, BIADA एवं IDA, कुंदन कुमार ने कहा, “एमनेस्टी पॉलिसी 2025 उद्योगों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है। सभी पात्र आवंटी 31 मार्च, 2026 की समयसीमा से पहले आवेदन कर इस नीति का लाभ उठाएं। यह पहल न केवल लंबित विवादों के समाधान में सहायक होगी, बल्कि राज्य में औद्योगिक गतिविधियों को नई गति भी प्रदान करेगी।”
प्राधिकार ने स्पष्ट किया है कि यह योजना एक वन-टाइम अवसर के रूप में लाई गई है, जिसके माध्यम से आवंटी लंबित विवादों एवं मुकदमों से बाहर निकलकर पुनः अपने उद्योग को स्थापित कर सकते हैं। जिन इकाइयों के भूखण्ड पर तृतीय पक्ष अधिकार सृजित नहीं हुए हैं वे इस नीति का लाभ ले सकेंगी।
BIADA द्वारा यह भी बताया गया है कि आवेदन प्राप्त होने के बाद तीन कार्य दिवस में प्रारंभिक स्वीकृति तथा सभी औपचारिकताओं की पूर्ति के उपरांत सात कार्य दिवस में अंतिम स्वीकृति प्रदान की जा रही है। अतः इच्छुक आवंटी बिना विलंब आवेदन कर इस प्रक्रिया का लाभ उठाएं। निर्धारित शर्तों के अनुसार समयबद्ध तरीके से ट्रायल एवं वाणिज्यिक उत्पादन शुरू करने पर इकाइयों को औद्योगिक गतिविधियों में पुनः स्थापित होने का अवसर मिलेगा।
उद्योग विभाग ने कहा है कि एमनेस्टी पॉलिसी के प्रभावी क्रियान्वयन से राज्य में औद्योगिक भूमि का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होगा, लंबित विवादों में कमी आएगी तथा निष्क्रिय इकाइयों को पुनर्जीवन मिलेगा। इससे राज्य में औद्योगिकीकरण को गति मिलेगी और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन के अवसर उत्पन्न होंगे। अधिक जानकारी के लिए बियाडा के टोल फ्री नंबर- 7280004800 पर कॉल करें।

