
RKTV NEWS/गिरिडीह(झारखंड)21 फरवरी। नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के तहत चुनाव प्रचार की निर्धारित समय-सीमा समाप्त होने के उपरांत जिला निर्वाचन पदाधिकारी, रामनिवास यादव ने समाहरणालय स्थित सभागार में एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। प्रेस वार्ता में उन्होंने जानकारी दी कि निर्धारित समय पर चुनाव प्रचार पूर्णतः समाप्त कर दिया गया है और अब सभी अभ्यर्थियों एवं राजनीतिक दलों को आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन करना होगा।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार मतदान से 48 घंटे पूर्व प्रचार-प्रसार पर पूर्ण प्रतिबंध रहता है। इस अवधि में किसी भी प्रकार की जनसभा, रैली, लाउडस्पीकर, सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार या मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास दंडनीय होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई भी अभ्यर्थी या समर्थक नियमों का उल्लंघन करते हुए पाया जाता है तो उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने प्रशासनिक तैयारियों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करा दी गई हैं। पेयजल, शौचालय, बिजली, रैंप तथा सुरक्षा व्यवस्था की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। मतदान कर्मियों का प्रशिक्षण पूर्ण कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की विशेष पहचान की गई है और वहां अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की जाएगी। साथ ही शांति एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने हेतु दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। फ्लाइंग स्क्वॉड एवं स्थिर निगरानी दल लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर रहे हैं ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई की जा सके।
इसके अलावा गिरिडीह नगर निगम में कुल 36 वार्ड अंतर्गत 137 मतदान केंद्र, मतदाता की संख्या 1,50,932 (जिसमें 75,266 पुरुष और 75,725 महिला), बड़की सरैया नगर पंचायत में कुल 12 वार्ड अंतर्गत मतदान केंद्रों की संख्या 15 तथा मतदाता की संख्या 14,436, धनवार नगर पंचायत में कुल वार्ड की संख्या 11, मतदान केंद्रों की संख्या 14 तथा मतदाता की संख्या 12,396 है। कुल मतदाताओं की संख्या 1,77,824 तथा कुल मतदान केंद्रों की संख्या 166 और कुल वार्ड 59 है। इसके अलावा बड़की सरैया नगर पंचायत अंतर्गत अध्यक्ष पद के प्रत्याशी आरती देवी के द्वारा बिना अनुमति के सभा करने के कारण आदर्श आचार संहिता उल्लंघन से संबंधित मामला तथा राजनीतिक दल का नाम फ्लेक्स में मुद्रण करने के कारण गिरिडीह नगर निगम (वर्ग ख) के प्रत्यक्ष शैलेश चौधरी के विरुद्ध आदर्श आचार संहिता उल्लंघन का मामला।) इसके अलावा उपायुक्त ने बताया कि डिस्पैच सेंटर के रूप में विवाह भवन, झंडा मैदान तथा रिसिविंग सेंटर हेतु कृषि उत्पादन बाजार समिति, बिशुनपुर, पचंबा का चयन किया गया है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी, रामनिवास यादव ने मतदाताओं से अपील की कि वे निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि मतदान लोकतंत्र का महापर्व है और प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से ही लोकतांत्रिक व्यवस्था सुदृढ़ होती है। प्रशासन की ओर से निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। प्रेस वार्ता के दौरान उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा नगर निकाय चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक तैयारियाँ की जा रही हैं। उन्होंने आम मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इस दौरान पुलिस अधीक्षक, डॉ बिमल कुमार, उप विकास आयुक्त, स्मृता कुमारी, अपर समाहर्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी, नगरपालिका, अनुमंडल पदाधिकारी बगोदर सरिया, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी समेत सभी प्रिंट व इलेट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधि व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
